
जावरा (अभय सुराणा) । राष्ट्र संत जैन धर्म दिवाकर श्रमण संघीय परंपरा के गौरवपूर्ण क्रम में पूज्य गुरुदेवों के मंगल आगमन से जावरा श्रीसंघ में अपार उत्साह और श्रद्धा का वातावरण निर्मित हो गया है। आचार्य सम्राट पूज्य गुरुदेव श्री आनंद ऋषि जी महाराज साहब के सुशिष्य, ध्यान योगी युगपुरुष आचार्य सम्राट डॉ. शिवमुनि जी महाराज के आज्ञानुवर्ती श्रमण संघीय युवाचार्य प्रज्ञा महर्षि आगम ज्ञाता पूज्य गुरुदेव श्री महेंद्र ऋषि जी महाराज साहब, हित-मित भाषी पूज्य गुरुदेव श्री हितेंद्र ऋषि जी महाराज साहब, तपस्वी पूज्य गुरुदेव श्री धवल ऋषि जी महाराज साहब तथा नवदीक्षित पूज्य श्री महक ऋषि जी महाराज साहब सहित ठाना-4 का जावरा में मंगल पदार्पण होने जा रहा है।
श्रीसंघ अध्यक्ष इंदरमल टुकड़िया ने जानकारी देते हुए बताया कि युवाचार्य भगवंत लगभग 9 वर्षों के पश्चात खाचरोद में सम्पन्न हुए होली चातुर्मास के बाद जावरा पधार रहे हैं, जिससे समस्त समाज में विशेष उत्साह व्याप्त है।
उन्होंने बताया कि दिनांक 9 अप्रैल को मंगल प्रवेश के साथ चौपाटी स्थित श्री शंखेश्वर पारसनाथ मंदिर पर श्रीसंघ द्वारा भव्य धर्मसभा का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात 10 अप्रैल को प्रातः 8:00 बजे यश जी चौरडिया के कार्यालय (महावीर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, स्टेशन रोड) से दिवाकर भवन (दिवाकर मार्ग) तक भव्य मंगल प्रवेश यात्रा निकाली जाएगी। दिवाकर भवन में प्रतिदिन प्रातः 9 से 10 बजे तक प्रवचन का आयोजन रहेगा।
इसी क्रम में 11 अप्रैल को युवाचार्य पूज्य गुरुदेव महेंद्र ऋषि जी महाराज की पावन प्रेरणा से एवं श्रीसंघ के तत्वाधान में श्री जैन दिवाकर नवयुवक मंडल द्वारा श्री जैन दिवाकर लाभमुनि नेत्र चिकित्सालय, मंदसौर के सहयोग से निशुल्क नेत्र ज्योति परीक्षण शिविर का आयोजन दिवाकर भवन, जावरा में प्रवचन के पश्चात किया जाएगा।
श्रीसंघ के पदाधिकारीगण, नवयुवक मंडल, महिला मंडल, जैन दिवाकर महिला मंडल, चौपाटी बालिका मंडल सहित सभी सदस्यों ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कार्यक्रमों में सहभागिता कर धर्मलाभ लेने की अपील की है।