प्रतिदिन 12 हजार बेडशीट, 6-6 हजार पिलो कवर व फेस टॉवेल की धुलाई



रतलाम, 09 अप्रैल। यात्रियों की यात्रा को सुखद, सुविधाजनक और आरामदायक बनाने के उद्देश्य से पश्चिम रेलवे का रतलाम मंडल निरंतर प्रयास कर रहाहै। इसी कड़ी में एसी कोचों में यात्रियों को स्वच्छ एवं उच्च गुणवत्ता वाला बेडिंग मटेरियल उपलब्ध कराया जा रहा है।
रेलवे द्वारा प्रत्येक एसी यात्री को दो बेडशीट, एक पिलो कवर, एक फेस टॉवेल एवं एक कंबल प्रदान किया जाता है। इन लिनेन कीसाफ-सफाई और स्वच्छता बनाए रखने के लिए विशेष ध्यान दिया जाता है। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार रतलाम मंडल के इंदौर स्थित कोचिंग डिपो में आधुनिक मेकेनाइज्ड लॉन्ड्री की सुविधा उपलब्ध है, जिसमें 3-3 वॉशर, ड्रायर, आयरनर एवं बॉयलर लगाए गए हैं। इस लॉन्ड्री के माध्यम से प्रतिदिन औसतन लगभग 4 ट्रेनों के करीब 40 एसी कोचों के लिए लिनेन की आपूर्ति की जाती है।
इंदौर की इस मेकेनाइज्ड लॉन्ड्री में प्रतिदिन लगभग 12,000 बेडशीट, 6,000 पिलो कवर, 6,000 फेस टॉवेल एवं 200 से अधिक कंबलों की धुलाई कर ट्रेनों में उपलब्ध कराया जाता है। बेडशीट, पिलो कवर और फेस टॉवेल को प्रत्येक
उपयोग के बाद साफ किया जाता है, जबकि कंबलों की धुलाई प्रत्येक 15 दिन में सुनिश्चित की जाती है। साथ ही, लिनेन को नेफ़थलीन और गर्म हवा के माध्यम से स्टरलाइज़ भी किया जाता है। इंदौर मेकेनाइज्ड लॉन्ड्री द्वारा प्रतिदिन लगभग 6 हजार पैकेट्स लिनेन ट्रेनों में उपलब्ध कराई जाती है।
इसके अतिरिक्त रतलाम मंडल की अन्य ट्रेनों में बेडरोल एवं कंबलों की धुलाई और समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए यह कार्य आउटसोर्स किया गया है। आउटसोर्स एजेंसियों द्वारा उपलब्ध कराए गए लिनेन की गुणवत्ता बनाए रखने हेतु पर्यवेक्षकों द्वारा नियमित निरीक्षण भी किया जाता है। रतलाम मंडल अपने सम्मानित यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।