डिजिटल होगी जनगणना, अब खुद भी भर सकेंगे जानकारी

रतलाम । आगामी जनगणना प्रक्रिया के तहत मकान सूचीकरण चरण में नागरिकों को स्वगणना की सुविधा प्रदान की गई है। स्वगणना कार्यक्रम 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक चलेगा इसमें कोई भी व्यक्ति स्वयं आधिकारिक पोर्टल http://Census.gov.in/se के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकता है।
जनगणना को दो चरणों में पूरा किया जाएगा। पहला चरण हाउस लिस्टिंग में प्रगणक घर-घर जाकर मकानों और उनकी सुविधाओं की जानकारी एकत्र करेंगे। दूसरा चरण में जनसंख्या गणना के बाद देश की कुल जनसंख्या और व्यक्तियों से जुड़ी विस्तृत जानकारी दर्ज की जाएगी।
स्व-गणना की प्रक्रिया में परिवार का कोई भी सदस्य ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से खुद अपने घर की जानकारी दर्ज कर सकता है। एक मोबाइल नंबर से केवल एक घर का लॉगिन, एंट्री परिवार के मुखिया के नाम से होगी (नाम बदला नहीं जा सकेगा), यह सुविधा मकान सूचीकरण शुरू होने से 15 दिन पहले खुलेगी और सिर्फ 15 दिन तक उपलब्ध रहेगी। पोर्टल पर एंट्री करने के लिए पोर्टल खोलें और राज्य/केंद्र शासित प्रदेश चुनें, कैप्चा भरें, परिवार के मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज करें, ओटीपी से सत्यापन करें, जिला और नजदीकी स्थान चुनकर मैप पर घर चिन्हित करें। एचएलओ प्रश्नावली भरें (अधिकतर प्रश्न विकल्प आधारित होंगे) फोनेटिक और वर्चुअल कीबोर्ड की सुविधा भी मिलेगी। एफएक्यूस और टूल-टिप्स हर चरण में मदद करेंगे।
स्व गणना करने पर संबंधित व्यक्ति को एक रेफरेंस नंबर प्राप्त होगा। इसके बाद 1 मई से 30 मई के बीच जब प्रगणक घर-घर सर्वे के लिए आएंगे, तब नागरिकों को यह रेफरेंस नंबर उपलब्ध कराना होगा। प्रगणक द्वारा इस नंबर का सत्यापन कर अंतिम रूप से जानकारी सबमिट की जाएगी।
प्रशासन द्वारा सभी नागरिकों से इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाने और जनगणना प्रक्रिया को सरल एवं सटीक बनाने में सहयोग करने का आग्रह किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *