बेखौफ चोरों का आतंक: पुलिस बटालियन में घुसकर आरक्षक के घर किया हाथ साफ

जावरा (अभय सुराणा) । रतलाम जिले के जावरा क्षेत्र में चोरों ने इस बार पुलिस को ही निशाने पर लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बदमाशों ने विशेष सशस्त्र बल की 24वीं बटालियन परिसर में घुसकर एक आरक्षक के सरकारी आवास में चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरों ने आरक्षक अनिल अटोलिया के क्वार्टर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और करीब 80 हजार रुपए नकद चोरी कर लिए। इतना ही नहीं, बदमाशों ने आसपास के तीन अन्य सरकारी क्वार्टरों के ताले भी तोड़े। हालांकि वहां से क्या-क्या सामान चोरी हुआ, इसकी पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है।
रतलाम एसपी अमित कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की बारीकी से जांच की। उन्होंने थाना प्रभारी दीपक मंडलोई को जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
इस घटना के बाद बटालियन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के अनुसार, 24वीं बटालियन के कमांडेंट गुरुकरण सिंह ने जावरा कैंपस के साथ-साथ सोहनगढ़ और बंजली स्थित परिसरों की सुरक्षा को और अधिक सख्त करने की योजना बनाई है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले अक्टूबर 2022 में भी इसी परिसर में चोरी की घटना हो चुकी है, जहां चोर एक आरक्षक की पिस्तौल और जिंदा कारतूस तक ले गए थे। इसके अलावा भी यहां पूर्व में चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
इस तरह की घटनाएं आम जनता में असुरक्षा की भावना को बढ़ा रही हैं। लोगों के बीच चर्चा है कि जब पुलिसकर्मी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound