11 वर्षों से जारी पहल में पहले दिन 90 बच्चों ने कराया पंजीयन

जावरा (अभय सुराणा)। रतलाम मंडल में वेस्टर्न रेलवे एम्पलाइज यूनियन (WREU) फुटबॉल क्लब द्वारा आयोजित निशुल्क फुटबॉल समर कैंप का भव्य शुभारंभ 19 अप्रैल को रेलवे स्पोर्ट्स ग्राउंड पर हुआ। 19 अप्रैल से 10 मई तक चलने वाले इस कैंप में बच्चों को फुटबॉल की तकनीकी बारीकियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ मंडल इंजीनियर एवं स्पोर्ट्स सेक्रेट्री पीयूष पांडे रहे। विशेष अतिथियों में क्लब अध्यक्ष मुबारिक आर.आर. खान, मंडल अध्यक्ष ह्रदेश पांडे और मंडल मंत्री मनोहर सिंह बारठ उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि श्री पांडे ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास करते हैं, बल्कि जीवन में अनुशासन और टीम भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से कैंप में भाग लेने और कोच द्वारा सिखाई जा रही तकनीकों पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।
उल्लेखनीय है कि यूनियन द्वारा यह कैंप पिछले 11 वर्षों से लगातार निशुल्क आयोजित किया जा रहा है। पहले ही दिन 90 बच्चों ने उत्साहपूर्वक पंजीयन कराया। खिलाड़ियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यूनियन द्वारा प्रतिदिन पौष्टिक आहार भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिसमें दूध, केले, पाइनएप्पल जूस, ड्राई फ्रूट्स और फ्रूट सलाद शामिल है।
कार्यक्रम की शुरुआत में अतिथियों का स्वागत किया गया तथा बच्चों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर कुलदीप चौहान, अर्पित जैन, हीरेंद्र यादव, हरेंद्र मिश्रा, संजय शुक्ला, पियूष व्यास, बेनी प्रसाद मीणा, महेंद्र सिंह राठौड़ सहित मंडल के विभिन्न पदाधिकारी, महिला समिति एवं युवा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
कैंप को सफल बनाने में अनीस सिद्दीकी, कमल यादव, श्याम सुंदर केतवास, मंजूर भाई, प्रकाश शर्मा, मदन रैकवार, प्रदीप पारु, शुभम पाल, रमेश बोरासी, सिद्धार्थ जालौर, जेम्स विलियम और सुभाष नायडू का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम का संचालन सचिव वाजिद खान ने किया, जबकि अंत में श्याम सुंदर केतवास ने सभी का आभार व्यक्त किया। मीडिया प्रभारी अशोक तिवारी ने आयोजन की जानकारी दी।