

रतलाम 25 अप्रैल। विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर मलेरिया विभाग द्वारा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय परिसर रतलाम में मलेरिया 2026 की थीम “ड्रिवन टू एंड मलेरिया: नाउ वी कैन, नाउ वी मस्ट”पर जनजागरूकता एवं मलेरिया से बचाव हेतु संवाद का आयोजन किया गया । इस संवाद और रैली को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. संध्या बेलसरे, और जिला मलेरिया अधिकारी डाॅ. देवेन्द्र कुमार मोर्य, द्वारा हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। संवाद कार्यक्रम एवं जागरूकता रैली में स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ताओं, मलेरिया विभाग के अधिकारी/कर्मचारी द्वारा मलेरिया से जागरूकता एवं बचाव संबंधी सन्देश प्रसारित किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. संध्या बेलसरे द्वारा मलेरिया बीमारी को दूर करने हेतु आपसी सहयोग एवं सामंजस्य स्थापित करने एवं जांच उपचार संबंधी अपील की गई।
जिला मलेरिया अधिकारी डाॅ देवेन्द्र कुमार मोर्य द्वारा संबोधन में विश्व मलेरिया दिवस पर किये जाने वाले कार्य बचाव जांच एवं सुरक्षा पर प्रकाश डाला गया एवं उपस्थित लोगो को मलेरिया बीमारी के प्रति जागरूक रहने एवं समय पर जांच एवं उपचार संबंधी जानकारी दी गई । विकासखण्ड से ग्राम स्तर तक विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर विभिन्न प्रकार की गतिविधियां जैसे- रैली, एडवोकेसी, स्कूल हेल्थ एक्टिविटी, पम्पलेट वितरण, ग्राम आरोग्य सभाऐ, आयोजित की जा रही हैं। स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं द्वारा ग्राम में भ्रमण कर बुखार रोगियों की जांच करना, मच्छरदानी का उपयोग करना, नारे लेखन कार्य और लोगों को मलेरिया के प्रति आई.ई.सी के माध्यम से जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा हैं ।
इस आयोजन में कार्यालय के जिला सलाहकार वेक्टर जनित रोग डाॅ. प्रमोद कुमार प्रजापति, श्री संदीप विजयवर्गीय, श्री सुनील कुमार दुबें, श्री ओमप्रकाश बावलचा, शहरी आशा कार्यकर्ता, शहरी एण्टीलार्वा टीम, मलेरिया विभाग के कर्मचारियों/अधिकारी उपस्थित थे । कार्यक्रम के अंत में जिला सलाहकार श्री प्रमोद प्रजापति द्वारा आभार प्रकट किया गया ।