रतलाम 27 अप्रैल। जिला आपूर्ति अधिकारी श्री आनंद गोले ने बताया कि सोशल मीडिया पर कुछ पेट्रोल पंपों पर डीजल/ पेट्रोल नहीं होने संबंधित सूचनाओं को प्रसारित किया जा रहा है । जिले में पंपों पर पेट्रोल एवं डीजल के स्टॉक की कोई कमी नहीं है। पेट्रोल, डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। डिपो से भी पेट्रोल पंपों को निरंतर आपूर्ति की जा रही है। कुछ पेट्रोल पम्पों पर वित्तीय कारणों से आपूर्ति बाधित हुई है,जो कि पंप संचालकों द्वारा वित्तीय डिमांड पूर्ण करने पर सुचारू हो जाएगी।
श्री गोले ने विभिन्न तेल कंपनियों के रिटेल आउटलेट्स (आरओ) की स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि रतलाम में भारत पेट्रोलियम के अंतर्गत कुल 37 पेट्रोल पंप हैं, जिनमें से 2 पिछले वित्तीय वर्ष से बंद हैं। इंडियन ऑयल के रतलाम साउथ आरएसए में कुल 26 पेट्रोल पंप में से 2 पंप लंबे समय से वित्तीय कारणों से बंद हैं। वहीं रतलाम नॉर्थ आरएसए में कुल 63 पेट्रोल पंप में से 3 बंद हैं। बंद पंप में पाटीदार पेट्रोल पंप केएसके, रुद्रा पेट्रोलियम और देव केएसके शामिल हैं, जो सभी वित्तीय कारणों से बंद हैं।
नायरा एनर्जी लिमिटेड के अंतर्गत जिले में कुल 18 पेट्रोल पंप हैं, जिनमें से 2 बंद हैं। इनमें पार्वती पेट्रोलियम पिछले 2 माह से तथा जावरा स्थित पॉपुलर फिलिंग स्टेशन पिछले 1 माह से वित्तीय कारणों के चलते बंद हैं।