बालाजी मंदिर में भव्य समारोह, गुरुदेव बोले-निस्वार्थ सेवा ही सच्चा धर्म

रतलाम। जिला चिकित्सालय स्थित कष्ट निवारण बालाजी मंदिर में गुरुदेव महंत मनोहर दास बैरागी (घिनोदा वाले) के पावन सानिध्य में आयोजित सम्मान समारोह सेवा, समर्पण और मानवता का प्रेरक उदाहरण बन गया।
समाजहित में निरंतर सक्रिय रहकर उल्लेखनीय कार्य करने वाले गोविन्द काकानी को रतलाम विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त होने पर गरिमापूर्ण सम्मान प्रदान किया गया। वहीं नेत्रदान जागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली नेत्रम महिला विंग प्रमुख श्रीमती राखी व्यास को सदस्य मनोनीत होने पर सम्मानित किया गया।
गुरुदेव महंत मनोहर दास बैरागी ने अपने आर्शीवचन में कहा कि निस्वार्थ सेवा ही सच्चा धर्म है। आप दोनों ने अपने कार्यों से यह सिद्ध कर दिया है कि सेवा और समर्पण के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। आपका यह सम्मान पूरे समाज के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।
गोविन्द काकानी ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह सम्मान मेरे लिए जिम्मेदारी को और अधिक बढ़ाने वाला है। मैं सदैव समाजहित में कार्य करते हुए जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दूंगा और विकास कार्यों को गति देने का प्रयास करूंगा।
श्रीमती राखी व्यास ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि नेत्रदान जैसी मुहिम से जुड़कर लोगों के जीवन में रोशनी लाना सबसे बड़ा संतोष है। यह सम्मान मुझे और अधिक सेवा के लिए प्रेरित करेगा और मैं इस अभियान को और व्यापक बनाने का प्रयास करूंगी।
कार्यक्रम में रेडक्रॉस सोसायटी के संचालक हेमन्त मूणत, चेतन व्यास, पदमा उपाध्याय, हितेंद्र सिंह राठौड़, सुरेन्द्र सिंह राठौड़, भावेश शर्मा, आशीष संघवी, वर्षा मीना, मीना सिस्टर, लखनदास वैष्णव, पिन्टूदास वैष्णव, अजय कुमार, संदीप यादव, दुर्गादास बैरागी, धर्मेन्द्र सिंह यदुवंशी, इंद्रा राठौड़, रीना पारख, मुकेश राठौड़, सुनील निरंजनी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।