अभ्यर्थियों को समयपूर्व केंद्र पहुंचने एवं नियमों का पालन करने की दी सलाह
रतलाम 1 मई । एस डी एम रतलाम शहर आर्ची हरित ने बताया कि राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) द्वारा नीट (यूजी)–2026 परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों हेतु ड्रेस कोड एवं अनुमेय वस्तुओं के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित नियमों का पालन करने तथा समय से पूर्व उपस्थित होने की सलाह दी गई है।
जारी परामर्श के अनुसार अभ्यर्थियों को धार्मिक आस्था से संबंधित वस्तुएँ या चिन्ह पहनने की अनुमति रहेगी, किन्तु इसके लिए उन्हें जांच (फ्रिस्किंग) प्रक्रिया हेतु पर्याप्त समय पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना आवश्यक होगा। साथ ही अभ्यर्थियों को हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी गई है, हालांकि आवश्यकता होने पर वे फुल स्लीव्स या ऊनी कपड़े भी पहन सकते हैं, लेकिन ऐसी स्थिति में उन्हें समय से पूर्व केंद्र पर पहुंचकर जांच प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
परीक्षा के दौरान चप्पल या कम हील (लो हील) वाले जूते पहनना अधिक उपयुक्त बताया गया है, जिससे सुरक्षा जांच में आसानी हो सके।
नीट (यूजी)–2026 से संबंधित किसी भी प्रकार के स्पष्टीकरण हेतु अभ्यर्थी एनटीए के हेल्पलाइन नंबर 011-40759000, 011-69227700 अथवा ईमेल neetug2026@nta.ac.in पर संपर्क कर सकते हैं।