अविक्रीत संपत्ति का भी तेजी से विक्रय किया जाएगा
अध्यक्ष श्री पोरवाल की अध्यक्षता में आयोजित संचालक मंडल की बैठक में लिया गया निर्णय


रतलाम,16 सितंबर । रतलाम विकास प्राधिकरण की यातायात नगर योजना के विकास का रास्ता साफ हो गया है, प्राधिकरण विकास अनुमति के लिए आश्रय निधि की राशि के बराबर भूखंड कॉलोनी सेल में बंधक रखेगा, जिसकी जिला प्रशासन द्वारा सहमति दे दी गई है । विकास अनुमति मिलने से योजना का रेरा में शीघ्र पंजीयन हो सकेगा और शेष विकास कार्य पूर्ण किये जाकर प्राधिकरण भूखंडों का विक्रय भी कर सकेगा, यातायात नगर योजना का विकास पूर्ण हो जाने से नगर वासियों का बहुप्रतीक्षित स्वप्न साकार हो सकेगा ।
रतलाम विकास प्राधिकरण अध्यक्ष श्री मनोहर पोरवाल की अध्यक्षता में आज अपरान्ह प्राधिकरण कार्यालय में आयोजित संचालक मंडल की बैठक में तदाशय का निर्णय लिया गया । बैठक में प्राधिकरण के उपाध्यक्षद्वय श्री गोविंद काकानी, श्री प्रवीण सोनी, संचालक मंडल सदस्य गण सर्व श्री राजेंद्र सिंह गोयल, राजेंद्र मौर्य,धीरज व्यास,श्रीमती राखी व्यास,श्रीमती किरण महावर , मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री तरुण जैन एवं अन्य अधिकारी गण उपस्थित थे । एक अन्य निर्णय में प्राधिकरण सैलाना मार्ग स्थित श्री परशुराम विहार योजना में अविक्रीत 7 आवासीय एवं 2 व्यावसायिक तथा करमदी मार्ग स्थित मां कालिका विहार के 50 आवासीय भूखंडों के विक्रय हेतु शीघ्र निविदा आमंत्रित करेगा । ऑनलाइन आमंत्रित की जाने वाली निविदाओं में उच्चतम प्राप्त निविदा के आधार पर संपत्ति विक्रय का निर्धारण किया जाएगा ।
ज्ञातव्य है कि प्राधिकरण की श्री परशुराम विहार योजना में आवासीय श्रेणी के आर्थिक दृष्टि से कमजोर आय वर्ग के पांच तथा निम्न आय वर्ग के दो एवं व्यावसायिक श्रेणी में एक भूखंड व्यावसायिक उपयोग तथा एक भूखंड अपार्टमेंट निर्माण के प्रयोजन से विक्रय हेतु उपलब्ध हैं । वहीं मां कालिका विहार योजना में विक्रय हेतु उपलब्ध सभी भूखंड आवासीय श्रेणी के हैं ।
अध्यक्ष श्री पोरवाल ने बताया कि भूखंडों के विक्रय पूर्व प्राधिकरण इन दोनों योजनाओं में साफ-सफाई, उद्यानों में वृक्षारोपण, समुचित प्रकाश एवं बैठक व्यवस्था , भूखंडों का क्रमांकन एवं प्रवेश द्वार के पुनर्निर्माण जैसी कार्यवाही पूर्ण कराएगा । उन्होंने कहा कि योजना के निवासियों को आवश्यक रहवासी सुविधाएं उपलब्ध कराने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी । भूखंडों के विक्रय से प्राप्त राशि का उपयोग यातायात नगर योजना के शेष कार्य पूर्ण करने में किया जाएगा ।
एक अन्य कर्मचारी हितैषी निर्णय में संचालक मंडल द्वारा प्राधिकरण के अकुशल कर्मचारी वर्ग में कार्य कर रहे कर्मचारियो को शैक्षणिक योग्यता के आधार पर कुशल कर्मचारी वर्ग में वेतन देने का निर्णय लिया गया । बैठक में संचालक मंडल के सदस्यगण सर्वश्री अनिल भाना, आयुक्त,नगर निगम,गोरेलाल वर्मा,उपसंचालक नगर तथा ग्राम निवेश, कार्यपालन यंत्री श्री सचिन हरित एवं अन्य अधिकारी गण उपस्थित थे। संचालक मंडल के समक्ष प्रस्तावों को मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने प्रस्तुत किया ।