लोहार समाज के ओम प्रकाश चौहान ने संभाली जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी

भगवान विश्वकर्मा पूजन के साथ शुरू हुई प्रक्रिया, समाजजनों की उपस्थिति में शपथ एवं सम्मान समारोह आयोजित

रतलाम 4 मई । लोहार रोड स्थित लोहार समाज धर्मशाला(राम मंदिर) में रविवार को नया गुजराती लोहार समाज के चुनाव संपन्न हुए । कार्यक्रम की शुरुआत भगवान विश्वकर्मा के पूजन-अर्चन के साथ हुई, जिसके पश्चात शपथ विधि प्रक्रिया प्रारंभ की गई। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबूलाल देवड़ा, राष्ट्रीय सचिव अनिल चौहान, रतलाम संरक्षक कचरू लाल सांखला, मांगीलाल पवार, भवानी शंकर चौहान, पूर्व जिला अध्यक्ष मदन लाल लौहार, उज्जैन के पूर्व जिला अध्यक्ष रामकिशन देवड़ा, उज्जैन जिलाध्यक्ष कैलाश पवार, इंदौर जिलाध्यक्ष बालमुकुंद चौहान एवं मंदिर समिति अध्यक्ष कमल उम्मठ सहित कई गणमान्य अतिथि मंचासीन रहे। सभी अतिथियों का नवनिर्वाचित पदाधिकारियों द्वारा साफा बांधकर एवं पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया गया।
ज्ञातव्य है कि नया गुजराती लोहार समाज के केंद्रीय अध्यक्ष बाबूलाल जी की अध्यक्षता में 12 अप्रैल 2026 को श्री राम मंदिर परिसर( लोहार समाज की धर्मशाला) में निर्वाचन मंडल द्वारा ओम प्रकाश चौहान को जिला अध्यक्ष निर्वाचित किया गया था। इसी क्रम में उनका शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। हालांकि पूर्व जिला अध्यक्ष की अनुपस्थिति के कारण विधिवत चार्ज ग्रहण प्रक्रिया पूर्ण नहीं हो सकी। अब से समाज की समस्त प्रशासनिक एवं संगठनात्मक कार्यवाहियां जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश चौहान द्वारा ही संपन्न की जाएंगी।
कार्यक्रम का संचालन सुरेंद्र गहलोत ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन कचरू लाल सांखला द्वारा व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के अंत में समाजजनों के लिए सहभोज का आयोजन भी किया गया। उक्त जानकारी, कचरूलाल सांखला व ओम प्रकाश चौहान द्वारा प्रदान की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound