10 राज्यों के 300 से अधिक पत्रकार होंगे शामिल, तीन दिवसीय आयोजन की तैयारियां शुरू


जावरा। भारतीय राष्ट्रीय श्रमजीवी पत्रकार महासंघ (आईएफडब्ल्यूजे) का आगामी राष्ट्रीय सम्मेलन जावरा में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन की तैयारियों को लेकर महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष अवधेश भार्गव ने स्थानीय सर्किट हाउस में जिले के पत्रकारों की बैठक लेकर आयोजन की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक को संबोधित करते हुए श्री भार्गव ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय श्रमजीवी पत्रकार महासंघ देश का सबसे बड़ा पंजीकृत ट्रेड यूनियन संगठन है, जो पत्रकारों के हितों और अधिकारों की लड़ाई निरंतर लड़ रहा है। उन्होंने पत्रकारों को शासन स्तर पर मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी देते हुए पत्रकारों की समस्याओं और मांगों को शासन तक पहुंचाने के लिए संगठन की प्रतिबद्धता दोहराई।
उन्होंने बताया कि आईएफडब्ल्यूजे की स्थापना 28 अक्टूबर 1950 को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुई थी। वर्ष 1974 में संगठन का पंजीयन कराया गया था, जिसका पंजीयन क्रमांक 1992/74 है। वर्तमान में संगठन के देशभर में 30 हजार से अधिक सदस्य हैं तथा 35 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में 17 भाषाओं के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, संवाद समितियों और टीवी चैनलों से जुड़े पत्रकार इससे संबद्ध हैं।
राष्ट्रीय सम्मेलन को लेकर श्री भार्गव ने बताया कि जावरा में आयोजित होने वाला यह तीन दिवसीय सम्मेलन ऐतिहासिक होगा, जिसमें देश के लगभग 10 राज्यों से 300 से अधिक पत्रकार भाग लेंगे। इसके अलावा प्रदेशभर के पत्रकार भी सम्मेलन में शामिल होंगे। सम्मेलन के दौरान पत्रकारों के ठहरने, भोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन के प्रथम दिवस पत्रकारों का पंजीयन किया जाएगा। दूसरे दिन पत्रकारों की समस्याओं, चुनौतियों और मीडिया के बदलते स्वरूप पर विचार-विमर्श होगा, जबकि तीसरे दिवस वरिष्ठ पत्रकारों का सम्मान कर सम्मेलन का समापन किया जाएगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री भार्गव ने जिले के सभी पत्रकारों से सम्मेलन में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि यह आयोजन जावरा और जिले के लिए गौरव का विषय है तथा इससे शहर को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।
कार्यक्रम के प्रारंभ में वरिष्ठ पत्रकार सुजानमल को चट्टा ने स्वागत उद्बोधन दिया। कार्यक्रम का संचालन अशोक चोपड़ा ने किया, जबकि आभार अशोक सेठिया ने माना।
बैठक में सुजानमल कोचट्टा, अशोक सेठिया, पारस छाजेड़, अशोक चोपड़ा, शैलेंद्र सिंह चौहान, बद्रीलाल चौहान, लखन पवार, नारायण सिंह चंद्रावत, नितीन कटारिया, राजकुमार पीपाड़ा, सुनील असवारे, जय छाजेड़ सहित अनेक पत्रकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में पत्रकारों को परिचय पत्र पहनाकर सम्मानित किया गया।