तपती दोपहरी में बोहरा समाज बना राहत का सहारा

राहगीरों को रोक-रोककर पिलाया शीतल शरबत, बच्चों ने भी दिखाई सेवा भावना

जावरा (अभय सुराणा) । भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच दाऊदी बोहरा समाज द्वारा मानव सेवा की मिसाल पेश करते हुए बस स्टैंड क्षेत्र में शीतल शरबत वितरण किया गया। समाज के सेवाभावी सदस्यों ने स्टॉल लगाकर राहगीरों को रोक-रोककर ठंडा शरबत पिलाया और गर्मी से राहत पहुंचाई।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि बोहरा समाज के युवा स्वयं स्टॉल से दूर खड़े लोगों तक शरबत लेकर पहुंचे और आत्मीयता के साथ उन्हें शरबत पीने का आग्रह किया। वहीं छोटे-छोटे बच्चों ने भी हाथों में ट्रे लेकर राहगीरों को अपने हाथों से रसना के गिलास वितरित किए, जिसे देखकर हर कोई भावुक नजर आया।
सेवा कार्य के दौरान समाजजनों ने स्वच्छता और यातायात व्यवस्था का भी विशेष ध्यान रखा। राहगीरों द्वारा उपयोग किए गए डिस्पोजल गिलासों को समाज के सदस्य लगातार डस्टबिन में डालते रहे, जिससे आसपास गंदगी नहीं फैले। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित न हो, इसका भी पूरा ध्यान रखा गया।
जानकारी के अनुसार दाऊदी बोहरा समाज के धर्मगुरु सैयदना साहब के निर्देशानुसार देशभर में प्रत्येक वर्ष इस प्रकार के सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।इस अवसर पर बोहरा समाज के वरिष्ठ समाजजन, पार्षद शिवेंद्र माथुर, अरुण संघवी, पत्रकार अशोक सेठिया सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। स्थानीय नागरिकों ने बोहरा society के इस सेवाभावी और अनुकरणीय कार्य की सराहना करते हुए कहा कि भीषण गर्मी में इस तरह की मानव सेवा समाज के लिए प्रेरणादायी है।

Play sound