


रतलाम। अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा ग्राम बाजनखेड़ा के वीर तेजाजी मंदिर पर पंच कुण्डीय गायत्री महायज्ञ एवं दीपयज्ञ सम्पन्न कराया गया। गायत्री परिवार की महिला आचार्यों ने यज्ञ कर्मकाण्ड सम्पन्न कराया। उल्लेखनीय है कि अखिल विश्व गायत्री परिवार की अधिष्ठात्री माता भगवती देवी शर्मा के जन्मशताब्दी संकल्प अनुयाज कार्यक्रम के अंतर्गत गायत्री परिवार द्वारा जिले में निरंतर विभिन्न आयोजन किये जा रहें है। इसी तारतम्य में ग्राम बाजनखेड़ा में गुरुवार की शाम को दीपयज्ञ तथा शुक्रवार सुबह पंच कुण्डीय गायत्री महायज्ञ सम्पन्न कराया गया। नारी जागरण अभियान के अंतर्गत दोनों ही दिन यज्ञ को गायत्री परिवार की महिला आचार्यों ऋतु सैनी एवं प्रेमलता साहू द्वारा सम्पन्न कराया गया।
गायत्री परिवार द्वारा संस्कार परम्परा पुनर्जागरण अभियान के तहत यज्ञ में चार पुंसवन संस्कार एवं एक जन्मदिवस संस्कार मनाया गया। व्यसनमुक्ति अभियान के अंतर्गत लाला शंकर पाटीदार के विशेष प्रयास से 4 युवाओं ने व्यसनमुक्त जीवन जीने का संकल्प लिया। इन सभी का उपस्थितजनों ने मंत्रोच्चार एवं पुष्पवर्षा से अभिनंदन कर आशीर्वाद दिया। श्रद्धालुओं द्वारा विश्व कल्याण, पर्यावरण संतुलन एवं देश समाज में सुख, शांति, समृद्धि, प्रगति की शुभकामनाओं के साथ यज्ञ में आहुतियां अर्पित की गई। देवदक्षिणा के क्रम में एक बुराई का त्याग कर एवं अच्छाई ग्रहण करने का संकल्प दिलवाया गया। यज्ञ आयोजन में बाजनखेड़ा के ग्रामवासियों के साथ रतलाम शहर, बांगरोद, धराड़ के गायत्री परिजन भी सम्मिलित हुए। ग्राम बाजनखेड़ा से मोहन मुरलीवाला, दशरथ पाटीदार, मुकेश पाटीदार, ईश्वर लाल पाटीदार, दिनेश डिंडोर, बद्रीलाल गोदा, कैलाश पाटीदार, राम भाई पाटीदार, हीरालाल पांचाल तथा गायत्री परिवार से पातीराम शर्मा, दामोदर शर्मा, अर्जुनसिंह चौहान, नरेन्द्र पाठक, ज्योति गौड़, श्यामलाल भावसार, विवेक चौधरी, मदन मोहन साहू इत्यादि सम्मिलित हुए।
