शेखर नाहर के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल मिला


जावरा (अभय सुराणा)। भारत विकास परिषद शाखा जावरा के अध्यक्ष शेखर नाहर ने भोपाल में मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा से भेंट कर किसानों एवं संत समाज से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। मुलाकात के दौरान उन्होंने प्रदेश के किसानों को आगामी कृषि सीजन में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने तथा साधु-संतों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।शेखर नाहर ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की आधारशिला हैं और खेती के महत्वपूर्ण समय में खाद की कमी किसानों के लिए बड़ी परेशानी बन सकती है। इसलिए समय रहते खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करना आवश्यक है। साथ ही उन्होंने संत समाज की सुरक्षा को लेकर भी चिंता व्यक्त करते हुए सरकार से विशेष ध्यान देने का आग्रह किया।इस दौरान मध्यप्रदेश वेयरहाउस संगठन के अध्यक्ष संजय जी से भी विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में किसानों तक खाद की निर्बाध आपूर्ति, भंडारण व्यवस्था और वितरण प्रणाली को बेहतर बनाने पर विचार-विमर्श हुआ। सभी ने इस बात पर सहमति जताई कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।बैठक में सुरेंद्र कुमार जैन, राकेश चोरड़िया, राजकुमार मारवाड़ी सहित जबलपुर से पधारी महिला अध्यक्ष संगीता जी भी उपस्थित रहीं। सभी ने जनहित से जुड़े विषयों पर सकारात्मक चर्चा करते हुए समाज और किसानों के हित में निरंतर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।उपमुख्यमंत्री से हुई यह मुलाकात किसानों और संत समाज से जुड़े मुद्दों को शासन स्तर तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। उपस्थित प्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि सरकार इन विषयों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कदम उठाएगी।