बुद्धेश्वर मंदिर से निकली ऐतिहासिक शोभायात्रा, सैकड़ों श्रद्धालु हुए शामिल, कथा स्थल पर हुआ पोथी पूजन एवं भंडारा






रतलाम, 4 जून। गौ सम्मान आवाह्न अभियान के अंतर्गत दीनदयाल नगर स्थित श्री विश्वकर्मा पार्क (सेफ़ी नगर) में आयोजित सात दिवसीय श्री गौ माता कथा एवं चमत्कारी दिव्य दरबार का शुभारंभ गुरुवार को भव्य एवं ऐतिहासिक कलश यात्रा के साथ हुआ। श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से सराबोर इस आयोजन में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कथा प्रारंभ होने से पूर्व बुद्धेश्वर मंदिर से कलश यात्रा निकाली गई, जो टाटा नगर, बाजना बस स्टैंड, दीनदयाल नगर एवं सेफ़ी नगर होते हुए कथा स्थल श्री विश्वकर्मा पार्क पहुंची। यात्रा पूज्य स्वामी श्री गौशरणानन्द सरस्वती जी महाराज, स्वामी कृष्णानंद जी महाराज, दण्डी स्वामी आत्मानंद जी सरस्वती, पंडित शिवशंकर दवे एवं साध्वी धेनुप्रिया जी के सान्निध्य में संपन्न हुई।
गौ माता का दिव्य रथ और अखाड़े का प्रदर्शन बना आकर्षण
कलश यात्रा में सबसे आगे कामधेनु स्वरूप में सुसज्जित गौ माता श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। प्रसिद्ध डीजे एवं ढोल की मधुर धुनों के बीच निकली यात्रा में आकर्षक झांकियां, संतों की बग्गी तथा पवन पुत्र व्यायामशाला, माणक चौक के अखाड़े द्वारा प्रस्तुत करतबों ने नागरिकों का मन मोह लिया। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा एवं आतिशबाजी कर श्रद्धालुओं ने संतों एवं कलश यात्रा का स्वागत किया।
सैकड़ों मातृशक्ति सिर पर कलश धारण कर भक्ति भाव से यात्रा में शामिल हुईं। यात्रा के दौरान संतजन बग्गी में रथारूढ़ होकर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान करते रहे।
पोथी पूजन के साथ कथा का शुभारंभ
शाम लगभग 8 बजे कथा स्थल पहुंचने पर विधिवत पोथी पूजन एवं गौ माता की आरती संपन्न हुई। इसके पश्चात श्री गौ माता कथा का शुभारंभ किया गया। कथा के दौरान गौ सेवा, गौ संरक्षण एवं भारतीय संस्कृति में गौ माता के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं ने ग्रहण की प्रसादी
कलश यात्रा एवं कथा के उपरांत विशाल भंडारा प्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
आज होगा दिव्य दरबार
आयोजन समिति के अनुसार शुक्रवार रात्रि 8 बजे से 10 बजे तक श्री गौ माता कथा का आयोजन होगा। कथा के पश्चात पूज्य स्वामी श्री गौशरणानन्द सरस्वती जी महाराज द्वारा दिव्य एवं चमत्कारी दरबार लगाया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु अपनी जिज्ञासाओं एवं समस्याओं के समाधान हेतु उपस्थित रहेंगे।
नकी रही विशेष उपस्थिति
इस अवसर पर राधेश्याम बोदलिया, अनिल झालानी, जनक नागल, अनिल पुरोहित, हेमंत शर्मा, उमेश शिवाल, नन्दकिशोर सांखला, राकेश शर्मा, सुधीर पाटीदार, राहुल हाड़ा, मदनलाल, हिम्मत मोयल, ललित गोस्वामी, शकुंतला शर्मा, भारती यादव, दिलीप शर्मा, प्रवीण वाघेला, संतोष शर्मा, करमदी, मुकुंद पंवार, कालू सोनी, जगदीश शर्मा, पं. सतीश शर्मा, सरोज शिवाल, रेखा गौतम, संगीता पलड़िया, पिंकी लखाटा, रीना कुमावत, जया बहन, अनिता कुमावत, हिम्मत गोयल, संगीता गावड़े, प्रवीण नागल, सर्वी रानीवाल, मनोज टॉक, विक्रम कठेड सहित बड़ी संख्या में गौ भक्त उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जनक नागल ने किया तथा आभार प्रदर्शन अनिल पुरोहित ने व्यक्त किया।