रतलाम मंडल ने माल लदान में रचा नया कीर्तिमान

16.56 प्रतिशत वार्षिक वृद्धि के साथ रतलाम मंडल देश के अग्रणी मंडलों में शामिल

रतलाम, 4 जून। पश्चिम रेलवे का रतलाम मंडल यात्री सेवाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ-साथ माल परिवहन के क्षेत्र में भी लगातार नए आयाम स्थापित कर रहा है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रारंभिक दो महीनों में मंडल ने माल लदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए भारतीय रेल के प्रमुख मंडलों में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई है।
मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में मंडल के सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य कर रहे हैं। अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रतिबद्धता, परिचालन उत्कृष्टता तथा ग्राहक सेवा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण के कारण रतलाम मंडल माल परिवहन के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियाँ अर्जित कर रहा है।
मई 2026 के दौरान रतलाम मंडल द्वारा कुल 1.91 मिलियन टन माल का लदान किया गया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 18.29 प्रतिशत अधिक है। वहीं चालू वित्तीय वर्ष के प्रथम दो माह, अप्रैल एवं मई 2026 में मंडल द्वारा कुल 3.51 मिलियन टन माल का लदान किया गया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 16.56 प्रतिशत की प्रभावशाली वृद्धि को दर्शाता है।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जन संपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार भारतीय रेल के उन मंडलों में, जहाँ वार्षिक माल लदान एक मिलियन टन अथवा उससे अधिक है, रतलाम मंडल ने 16.56 प्रतिशत वर्ष-दर-वर्ष वृद्धि दर्ज कर देश के सर्वाधिक तेजी से प्रगति करने वाले मंडलों में अपना स्थान बनाया है। यह उपलब्धि मंडल की सुव्यवस्थित कार्ययोजना, परिचालन दक्षता तथा ग्राहक-केंद्रित दृष्टिकोण का परिणाम है।
माल लदान में हुई इस उल्लेखनीय वृद्धि में विभिन्न वस्तुओं की लोडिंग में दर्ज वृद्धि का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। पेट्रोलियम, ऑयल एवं लुब्रिकेंट की लोडिंग में 238.68 प्रतिशत तथा खाद्यान्न लोडिंग में 105.81 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। इसके अतिरिक्त सीमेंट, क्लिंकर एवं अन्य विविध वस्तुओं की लोडिंग में भी निरंतर बढ़ोतरी हुई है, जिससे मंडल के माल राजस्व एवं समग्र लदान प्रदर्शन को नई गति मिली है।
रतलाम मंडल द्वारा माल ग्राहकों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने, गुड्स शेड्स के आधुनिकीकरण, मालगाड़ियों के त्वरित एवं सुचारु परिचालन तथा उद्योगों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष बल दिया जा रहा है। परिणामस्वरूप अधिकाधिक ग्राहक रेल परिवहन को प्राथमिकता दे रहे हैं, जिससे माल लदान में निरंतर वृद्धि हो रही है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार आगामी महीनों में भी विभिन्न वस्तुओं की लोडिंग में वृद्धि की व्यापक संभावनाएँ हैं। इस दिशा में मंडल द्वारा वर्तमान ग्राहकों को और बेहतर सेवाएँ प्रदान करने के साथ-साथ नई लोडिंग संभावनाओं के विकास हेतु सतत प्रयास किए जा रहे हैं। रतलाम मंडल का यह उत्कृष्ट प्रदर्शन न केवल पश्चिम रेलवे बल्कि भारतीय रेल की माल परिवहन क्षमता एवं प्रतिस्पर्धात्मकता को भी नई मजबूती प्रदान कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound