महाप्रबंधक पश्चिम रेलवे श्री रामाश्रय पाण्डेय के नेतृत्व में रतलाम मण्‍डल में उत्साहपूर्वक मनाया गया विश्व पर्यावरण दिवस

आरपीएफ ग्राउंड रतलाम में वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिलाई पर्यावरण संरक्षण की प्रतिज्ञा

रतलाम 05 जून । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर महाप्रबंधक पश्चिम रेलवे श्री रामाश्रय पाण्डेय के नेतृत्व में विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया। महाप्रबंधक श्री पाण्डेय ने रतलाम स्थित आरपीएफ ग्राउंड में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास का संदेश दिया तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। 05 जून 2026 को मंडल कार्यालय रतलाम में आयोजित बैठक में आये हुए माननीय सांसदों द्वारा भी मंडल कार्यालय प्रांगण में वृक्षारोपण किया गया।
इस अवसर पर माननीया केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर, माननीय सांसद देवास श्री महेंद्र सिंह सोलंकी, माननीय सांसद इंदौर श्री शंकर लालवानी, माननीय सांसद खंडवा श्री ज्ञानेश्वर पाटिल तथा माननीय सांसद दाहोद श्री जसवंत सिंह भाभोर एवं उपस्थित सांसद प्रतिनिधियों ने वृक्षारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण प्रतिज्ञा-पत्र पर हस्ताक्षर कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इसके साथ ही माननीय सांसदों एवं सांसद प्रतिनिधियों द्वारा सेल्‍फी ली गई।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार महाप्रबंधक श्री रामाश्रय पाण्डेय, मुख्यालय के प्रमुख विभागाध्यक्षों, मंडल रेल प्रबंधक श्री अश्वनी कुमार तथा अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण प्रतिज्ञा का सामूहिक वाचन किया तथा हस्ताक्षर कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
मंडल कार्यालय रतलाम परिसर में पर्यावरण संरक्षण प्रतिज्ञा कार्यक्रम के साथ आकर्षक सेल्फी पॉइंट भी स्थापित किया गया। इसके अतिरिक्त रतलाम, उज्जैन, इंदौर, चित्तौड़गढ़, डॉ.अंबेडकर नगर, नीमच एवं नागदा सहित मंडल के विभिन्न स्टेशनों, कार्यशालाओं, रेलवे चिकित्सालयों तथा चिकित्सा इकाइयों में जागरूकता रैलियां, स्वच्छता अभियान एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए गए।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से पश्चिम रेलवे ने पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास एवं सतत् जीवनशैली के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः दोहराया।
05 जून 2026 को इंदौर रेलवे स्‍टेशन पर भी उत्‍साह के साथ मनाया गया विश्‍व पर्यावरण दिवस। इस अवसर पर रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा श्रमदान, स्वच्छता अभियान तथा वृक्षारोपण किया गया। इस कार्य में शहीद उधम सिंह संवेदना सेवा समिति एन.जी.ओ. के कार्यकर्ताओं ने भी अपना योगदान दिया। 05 जून को मंडल पर आयोजित विभिन्‍न कार्यक्रमों के साथ ही 15 मई 2026 से 05 जून 2026 तक आयोजित विश्‍व पर्यावरण दिवस अभियान का समापन हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound