


रतलाम। अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा ग्राम सिमलावदा खुर्द में पंच कुण्डीय गायत्री महायज्ञ एवं दीपयज्ञ सम्पन्न कराया गया। गायत्री परिवार की महिला आचार्यों ने यज्ञ कर्मकाण्ड सम्पन्न कराया। उल्लेखनीय है कि अखिल विश्व गायत्री परिवार की अधिष्ठात्री माता भगवती देवी शर्मा के जन्मशताब्दी संकल्प अनुयाज कार्यक्रम के अंतर्गत गायत्री परिवार द्वारा जिले में निरंतर विभिन्न आयोजन किये जा रहें है। इसी तारतम्य में ग्राम सिमलावदा खुर्द में गुरुवार को पंच कुण्डीय गायत्री महायज्ञ सम्पन्न कराया गया। नारी जागरण अभियान के अंतर्गत दोनों ही दिन यज्ञ को गायत्री परिवार की महिला आचार्यों ऋतु सैनी एवं प्रेमलता साहू द्वारा सम्पन्न कराया गया।
गायत्री परिवार द्वारा संस्कार परम्परा पुनर्जागरण अभियान के तहत यज्ञ में 11 गर्भवती महिलाओं के पुंसवन संस्कार एवं 2 जन्मदिवस संस्कार मनाया गया। व्यसनमुक्ति अभियान के अंतर्गत लाला शंकर पाटीदार के विशेष प्रयास से यज्ञ में सम्मिलित हुए श्रद्धालुओं को देवदक्षिणा में ने व्यसनमुक्त जीवन जीने का संकल्प एवं कुरीतियों के त्याग करने के लिए प्रेरित किया गया। श्रद्धालुओं द्वारा विश्व कल्याण, पर्यावरण संतुलन एवं देश समाज में सुख, शांति, समृद्धि, प्रगति की शुभकामनाओं के साथ यज्ञ में आहुतियां अर्पित की गई। यज्ञ आयोजन में सिमलावदा खुर्द के ग्रामवासियों के साथ रतलाम शहर, बांगरोद, धराड़ के गायत्री परिजन भी सम्मिलित हुए। यज्ञ आयोजन में सिमलावदा खुर्द से जिला पंचायत सदस्य सत्यनारायण पाटीदार, दरबार सिंह सरपंच, जुवान सिंह, हीरालाल मालिवाड़, पूर्व सरपंच अम्बाराम चौधरी, हरिसिंह परमार, शांतिलाल डाबी, पुष्कर नाथ, अर्जुनसिंह, रामसिंह, रामप्रसाद तथा गायत्री परिवार से पातीराम शर्मा, दामोदर शर्मा, अर्जुनसिंह चौहान, मदन मोहन साहू, सुरेंद्र जोशी, मित्रा जोशी, शंभू लाल पाटीदार, गोपाल चौहान इत्यादि सम्मिलित हुए।