
महाराणा प्रताप जयंती महोत्सव की तैयारियों के तहत महाराणा प्रताप चौक स्थित प्रतिमा पर रंग-रोगन एवं सौंदर्यीकरण कार्य करते नगर निगम कर्मचारी।
रतलाम। श्री राजपूत नवयुवक मंडल न्यास एवं महिला मंडल रतलाम के तत्वावधान में राष्ट्र पुरुष, देश के गौरव वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप एवं वीर छत्रसाल बुंदेला की जन्म जयंती तथा श्री राजपूत नवयुवक मंडल के 66वें वार्षिक उत्सव के उपलक्ष्य में 15 से 17 जून तक तीन दिवसीय कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
मंडल द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 15 जून को प्रातः 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक राजपूत धर्मशाला भवन, हाथीखाना में बच्चों के लिए दौड़, रंगोली, साफा धारण एवं तलवारबाजी प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा।
16 जून को दोपहर 3 बजे संगठन की वार्षिक बैठक आयोजित की जाएगी। इसके पश्चात शाम 4 बजे पुरस्कार वितरण समारोह में वरिष्ठ समाजसेवियों को ‘राजपूत रत्न’ सम्मान प्रदान किया जाएगा तथा प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम में अतिथियों का उद्बोधन भी होगा।
17 जून को वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप एवं वीर छत्रसाल बुंदेला जन्म जयंती के अवसर पर समस्त राजपूताना संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में दोपहर 4:30 बजे रंजित विलास पैलेस, महलवाड़ा से विशाल शौर्य यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा पैलेस रोड, डालूमोदी बाजार, मानक चौक, घास बाजार, चौमुखी पुल, नोलाईपुरा, गणेश देवरी, धानमंडी एवं शहीद चौक होते हुए महाराणा प्रताप चौक पहुंचेगी।
शौर्य यात्रा में 11 घुड़सवार भगवा ध्वज के साथ अग्रिम पंक्ति में चलेंगे। राष्ट्रीय धुनों के साथ बैंड दल आकर्षण का केंद्र रहेगा। चार सुसज्जित बग्घियों में वीर महाराणा प्रताप, वीर छत्रसाल बुंदेला, छत्रपति शिवाजी महाराज तथा रतलाम राज्य के संस्थापक महाराजा रतनसिंहजी के चित्र विराजित रहेंगे। दुर्गा वाहिनी एवं मातृशक्ति परंपरागत वेशभूषा में हाथों में तलवार लेकर शौर्य और संस्कृति का प्रदर्शन करेंगी।
यात्रा मार्ग में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा स्वागत किया जाएगा। शौर्य यात्रा का समापन महाराणा प्रताप चौक स्थित प्रतिमा स्थल पर होगा, जहां अतिथियों एवं समाजजनों द्वारा महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर आतिशबाजी की जाएगी।
श्री राजपूत मंडल न्यास के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह गोयल, मंडल अध्यक्ष विजय सिंह चौहान एवं महिला मंडल अध्यक्षा श्रीमती किरण गोयल ने समाजजनों एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं से शौर्य यात्रा में सहभागिता कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने का आग्रह किया है।