जनकल्याण शिविर शासकीय योजनाओं का लाभ लेवे

विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय ने किया तीन दिवसीय शिविर का शुभारंभ, अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

जावरा। यदि आप किसी शासकीय योजना के पात्र हितग्राही हैं, लेकिन अब तक उसका लाभ नहीं मिल पाया है या आपकी कोई समस्या लंबे समय से लंबित है, तो आपके लिए नगरपालिका परिसर में आयोजित तीन दिवसीय जनकल्याणकारी शिविर सुनहरा अवसर लेकर आया है। 12 जून से शुरू हुआ यह शिविर 14 जून तक प्रतिदिन कार्यालयीन समय में संचालित होगा, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर आवेदनों का निराकरण करेंगे।
शिविर का शुभारंभ विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय ने किया। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आमजन और ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की जनहितकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष लालाबाई चन्द्रवंशी, भाजपा जिला महामंत्री महेश सोनी, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि हरिओम शाह, नगर पालिका अध्यक्ष अनम कडपा, मंडल अध्यक्ष राजेश शर्मा, मांगीलाल पांचाल, राजेन्द्र सिंह देवड़ा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं पार्षद उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में एसडीएम सुनील जायसवाल ने शिविर की रूपरेखा और उद्देश्यों की जानकारी दी।

19 विभागों के स्टॉल, मौके पर मिलेगा समाधान
शिविर में अनुभाग जावरा क्षेत्र के 19 विभागों द्वारा अलग-अलग स्टॉल लगाए गए हैं, जहां नागरिकों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार जिन लोगों की शिकायतों पर अब तक सुनवाई नहीं हुई है, वे सीधे संबंधित विभाग के स्टॉल पर आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। शिकायतों को ऑनलाइन दर्ज कर उनके निराकरण की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाएगी।

मध्यान्ह भोजन प्रतियोगिता ने भी बटोरी सराहना
शिविर के दौरान जावरा एवं पिपलौदा जनपद पंचायत क्षेत्र की प्रधानमंत्री पोषण आहार योजना के अंतर्गत संचालित मध्यान्ह भोजन रसोईयों की प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। विधायक डॉ. पांडेय सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न व्यंजनों का स्वाद चखकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

पर्यावरण और योग दिवस अभियान से जुड़ा आयोजन
विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) तक चल रहे विशेष अभियान के तहत आयोजित इस जनकल्याण शिविर का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना है। शिविर में अनेक नागरिकों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभ भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में नगर पालिका सीएमओ चंद्रशेखर सोनिस, सांसद प्रतिनिधि प्रदीप चौधरी, एल्डरमेन मनोहर पांचाल, अजय सकलेचा, पार्षद शिवेन्द्र माथुर, तेजसिंह कदम, राजेश धाकड़, दशरथ कसानिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। संचालन संदीपनि विद्यालय के उप प्राचार्य संजय श्रीवास्तव ने किया तथा आभार तहसीलदार सहदेव मौरे ने व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound