

रतलाम, 14 जून। विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी जिला रतलाम के आह्वान पर जिले में विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में रक्तदाताओं ने सहभागिता निभाते हुए रक्तदान किया। जिला चिकित्सालय ब्लड बैंक, मेडिकल कॉलेज ब्लड बैंक तथा भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी जावरा सहित विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से कुल 311 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी रतलाम के चेयरमैन प्रितेश गादिया ने बताया कि विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर सामाजिक संस्थाओं, संगठनों एवं व्यक्तिगत मित्र मंडलों से रक्तदान हेतु अपील की गई थी। इस आवाहन को समाज के विभिन्न वर्गों का व्यापक समर्थन प्राप्त हुआ।
रक्तदान अभियान में भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी जावरा, बढ़ावदा सेवा समिति, अंकित कटारिया मित्र मंडल रतलाम, लायंस क्लब जावरा, परस्पर संस्था रतलाम, खुशी एक पहल संस्था रतलाम तथा भारत विकास परिषद जावरा सहित अनेक सामाजिक संस्थाओं एवं संगठनों ने अलग-अलग स्थानों पर शिविर लगाकर रक्तदान करवाया।
इस अवसर पर भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी के वाइस चेयरमैन सुशील मूणत, कोषाध्यक्ष संजय लूनिया तथा संचालक मंडल के सदस्य हेमंत मूणत, राजेश राका, दिनेश बरमेचा एवं सुलोचना शर्मा उपस्थित रहे।
साथ ही अन्य संस्थाओं के सदस्य अंकित कटारिया, महेश अग्रवाल, अमन माहेश्वरी, वीरेंद्र सिसोदिया, धर्मेंद्र तोमर, शेखर नाहर, राजेश पोरवाल एवं अन्य सदस्यों द्वारा रक्तदाताओं का प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सभी रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए रेडक्रॉस चेयरमैन प्रितेश गादिया ने कहा कि रक्तदान महादान है तथा एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन प्रदान कर सकता है। उन्होंने सभी समाजसेवी संस्थाओं, संगठनों एवं रक्तदाताओं के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी अभियानों में सहभागिता बनाए रखने का आह्वान किया।
विश्व रक्तदान दिवस पर आयोजित यह अभियान सामाजिक सहभागिता, सेवा भावना एवं मानवता के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण रहा।