“प्रभु भक्ति और तप अनुमोदना के क्षेत्र में मंडल जो कार्य कर रहा है, वह अत्यंत प्रशंसनीय है ” – रविंद्र सिंह श्रीमाल

जावरा । श्री चिंतामणि पार्श्वनाथ भक्त मंडल, जावरा द्वारा आयोजित तीर्थयात्रा एवं मैत्री मिलन समारोह का आयोजन श्री अष्टापद जैन तीर्थ, हाटपिपल्या पर श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मंडल के 100 से अधिक सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी बाबूलाल खेमसरा ने मंडल की धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों की सराहना करते हुए भविष्य में हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के विशेष अतिथि एवं श्री अष्टापद जैन तीर्थ के सचिव रविंद्र सिंह श्रीमाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि “प्रभु भक्ति, तप अनुमोदना एवं धार्मिक संस्कारों के संवर्धन के क्षेत्र में श्री चिंतामणि पार्श्वनाथ भक्त मंडल द्वारा किए जा रहे कार्य अत्यंत सराहनीय एवं अनुकरणीय हैं।” उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में धर्म, मैत्री और संगठन भावना को सुदृढ़ करते हैं।
इस अवसर पर मंडल के वरिष्ठ सदस्य एवं समाजसेवी श्री राजकुमार हरण ने मंडल की धार्मिक गतिविधियों से प्रभावित होकर अपनी ओर से मूक-बधिर विद्यालय रतलाम की भावी यात्रा हेतु सहयोग राशि देने की घोषणा की।
कार्यक्रम में प्रदीप बोरदिया, आशीष मेहता, उज्ज्वल भंडारी, विनोद दख, दिनेश ओसवाल, आशीष धारीवाल, देवेंद्र धारीवाल, मनीष कोचर एवं शेखर नाहर ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
मंडल अध्यक्ष संजय मेहता ने स्वागत भाषण देते हुए मंडल द्वारा संचालित धार्मिक गतिविधियों की जानकारी प्रदान की तथा अतिथियों का परिचय कराया। कार्यक्रम का शुभारंभ नवकार मंत्र से हुआ, जिसकी सुमधुर प्रस्तुति आशीष धारीवाल एवं उज्ज्वल भंडारी द्वारा दी गई।
इस अवसर पर सिद्धितप एवं अन्य आराधनाओं के दौरान घर-घर जाकर तपस्वियों की भक्ति एवं अनुमोदना में सक्रिय भूमिका निभाने वाले मंडल सदस्य दंपत्तियों का शाल एवं माल्यार्पण कर सम्मान किया गया। साथ ही मंडल के सबसे छोटे 10 वर्षीय सदस्य ग्रंथ हरण का विशेष बहुमान किया गया, जिन्होंने कम आयु में ही तपस्वियों के यहां जाकर भक्ति अनुमोदना कार्यों में उल्लेखनीय योगदान दिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन सचिव राजकुमार मारवाड़ी ने किया तथा आभार आशीष मेहता ने माना। आयोजन को सफल बनाने में तीर्थ पेढ़ी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ कोषाध्यक्ष मनीष कोचर तथा भोजनशाला संचालक खुशबू जैन का सहयोग सराहनीय रहा।
तत्पश्चात सभी सदस्यों ने श्री अष्टापद तीर्थ मंदिर में दर्शन-वंदन कर श्री आदिनाथ, श्री महावीर स्वामी avm श्री संभवनाथ भगवान की आरती एवं मंगल दीप का लाभ प्राप्त किया। इस अवसर पर तीर्थ पर सेवाएं दे रही वर्षीतप आराधक खुशबू जैन का भी मंडल द्वारा सम्मान किया गया।
समारोह के समापन पर उपस्थित सभी सदस्यों ने इस तीर्थयात्रा एवं मैत्री मिलन समारोह की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए इसे धार्मिक एकता, आत्मीयता एवं संगठन सुदृढ़ीकरण का सफल आयोजन बताया।