पलक खारीवाल बनीं चार्टर्ड अकाउंटेंट, परिवार एवं नगर का बढ़ाया गौरव

जावरा (अभय सुराणा) । नगर की प्रतिभाशाली छात्रा पलक खारीवाल ने प्रतिष्ठित चार्टर्ड अकाउंटेंसी (सीए) फाइनल परीक्षा उत्तीर्ण कर अपने परिवार एवं नगर का नाम गौरवान्वित किया है। पलक, स्वर्गीय फतेहलालजी खारीवाल की पौत्री तथा श्री प्रवीण खारीवाल की सुपुत्री हैं।
पलक ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा के पश्चात मुंबई के देश के अग्रणी एवं प्रतिष्ठित वाणिज्य महाविद्यालयों में से एक एच.आर. कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड इकोनॉमिक्स से बी.कॉम. की उपाधि प्राप्त की। इसके साथ ही उन्होंने विश्व की प्रमुख बिग फोर कंपनियों में शामिल EY (Ernst & Young) में अपनी आर्टिकलशिप सफलतापूर्वक पूर्ण की।
सीए जैसी कठिन एवं प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त करना उनकी अथक मेहनत, दृढ़ संकल्प, लगन और समर्पण का परिणाम है। पलक की इस उपलब्धि से परिवार में हर्ष का वातावरण है तथा समाजजनों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
परिजनों ने बताया कि पलक की यह सफलता उनके दादाजी के सपनों को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उनकी इस उपलब्धि पर नगर के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं शैक्षणिक संगठनों ने भी हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound