“सुबह उठकर शरीर को रगड़ो, तभी यह सोना बनेगा” – महापौर प्रहलाद पटेल


रतलाम। ‘ग्रीन-क्लीन रतलाम’ के संकल्प को ‘योगमय रतलाम’ के गौरवपूर्ण अध्याय के साथ जोड़ते हुए, नगर के सभी 49 वार्डों में विगत 11 जून से संचालित सफलतम योग शिविरों की श्रृंखला अब एक वृहद् योग-क्रांति का रूप ले चुकी है। इसी पुनीत श्रृंखला के विस्तार में, नगर के हृदयस्थल स्थित विधायक सभागृह में 19 जून से तीन दिवसीय ‘इंटिग्रेटेड योग महोत्सव’ का भव्य शुभारंभ हुआ। इस योग-महोत्सव की पूर्णाहुति 21 जून को ‘अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस’ के अवसर पर होगी।
यह आयोजन महापौर श्री प्रहलाद पटेल के दूरदर्शी नेतृत्व, उनके तथा सभी 49 वार्डों के पार्षदों के अथक प्रयासों, पतंजलि राज्य प्रभारी श्री प्रेम पुनिया एवं जिला योग समिति के सक्रिय सहयोग से संभव हो पाया है, जो जन-जन में स्वास्थ्य की नई अलख जगा रहा है। उद्घाटन सत्र का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ समाजसेवी श्री अनोखी लाल कटारिया और श्री अनिल झालानी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
शिविर को संबोधित करते हुए महापौर श्री प्रहलाद पटेल ने ओजस्वी स्वर में कहा, “सुबह उठकर शरीर को रगड़ो, तभी यह सोना बनेगा। पुरातन काल से भारत ऋषि-कृषि संस्कृति का परिचायक रहा है। देह रूपी काया को पुरुषार्थ की अग्नि में जितना तपाएंगे, यह उतनी ही निरोगी होगी। तप, त्याग और तपस्या से ही माटी से सोना निकलता है।”
योग के इस अनुष्ठान को पतंजलि राज्य प्रभारी श्री प्रेम पुनिया ने संपन्न कराया। मंच पर जिला प्रभारी डॉ. उत्तम शर्मा, श्री अपार उपाध्याय और श्री विशाल कुमार वर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की गरिमा को जिला आयुष अधिकारी डॉ. दाताराम जयंत, महिला पतंजलि राज्य संवाद प्रभारी श्रीमती पिस्ता यादव एवं जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री रत्नेश विजयवर्गीय ने अपनी उपस्थिति से बढ़ाया। इस अवसर पर श्री जितेंद्र राणावत के नेतृत्व में साई श्री इंटरनेशनल स्कूल व जवाहर व्यायामशाला के बच्चों ने संगीतमय योग का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया। अतिथियों का सम्मान उक्त जिला प्रभारियों के साथ श्री अशोक कुमार शर्मा, श्री इंदु कुमार तिवारी, श्रीमती सीमा वर्मा, श्रीमती राजश्री सोनी, श्रीमती ज्योति बाला यादव एवं अन्य योग सेवकों द्वारा किया गया।
प्रथम दिवस पर पारंपरिक यौगिक जॉगिंग, सूक्ष्म व्यायाम, सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम का सघन अभ्यास कराया गया। जिला यज्ञ प्रभारी महर्षि संजय शिवशंकर दवे एवं गायत्री परिवार के श्री शिवपाल छपरी के सहयोग से औषधीय जड़ी-बूटियों द्वारा यज्ञ का अनुष्ठान किया गया, जिससे संपूर्ण प्रांगण सुगंधित व आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत रहा। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन श्री विशाल कुमार वर्मा द्वारा किया गया। पार्षदों, नगर परिवार के सदस्यों एवं छात्र-छात्राओं की व्यापक भागीदारी यह सिद्ध करती है कि रतलाम अब शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति पूर्णतः संकल्पित है। अंत में आभार श्री प्रेम पुनिया द्वारा व्यक्त किया गया।