
रतलाम। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में महिला स्वस्तिक ग्रुप एवं राजेंद्र जैन महिला परिषद शाखा रतलाम के संयुक्त तत्वावधान में गुलाब चक्र पर एक दिवसीय सतत योग दिवस सेलिब्रेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योग, एरोबिक्स एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से जुड़े विभिन्न अभ्यास किए।
कार्यक्रम की मुख्य प्रशिक्षक एवं योग विशेषज्ञ रक्षिता साखले ने उपस्थित महिलाओं को योग के महत्व, स्वस्थ जीवनशैली तथा दैनिक जीवन में योग को अपनाने के लाभों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विभिन्न योगासन एवं स्वास्थ्य संबंधी उपयोगी टिप्स भी साझा किए। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए चौबीस तीर्थंकर परमात्माओं के नाम पर 24 पौधों का वृक्षारोपण भी किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण एवं स्वस्थ जीवन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम में महिला संस्थापक सारिका अध्यक्ष कविता काठेडं कोषाध्यक्ष मनिषा गंगवाल, सचिव मनिषा कोठारी तथा राजेंद्र जैन महिला परिषद शाखा रतलाम की अध्यक्ष रीना आचलिया एवं सचिव सारिका डूंगरवाल विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
अंत में सभी अतिथियों एवं सहभागियों का आभार व्यक्त करते हुए स्वस्थ समाज एवं हरित पर्यावरण के निर्माण हेतु ऐसे कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया गया।