उज्जैन जैन समाज का बड़ा संकल्प : इंदौर – उज्जैन संभाग में श्री नेमि गिरनार धर्मयात्रा का करेंगे भव्य सम्मान

समर्पण की उठी आवाज,20 जुलाई को सैकड़ों नेमिभक्त गिरनार पर पहुंचेंगे

इंदौर/उज्जैन (राजेश जैन दद्दू) । दिल्ली से गिरनार जी तक आयोजित होने वाली 5100 किलोमीटर की भव्य “श्री नेमि गिरनार धर्मयात्रा” को लेकर मालवा अंचल के जैन समाज में अभूतपूर्व उत्साह देखा जा रहा है। श्री आचार्य विद्यासागर अतिथि भवन, फ्रीगंज उज्जैन में संपन्न हुई सकल जैन समाज की विशेष बैठक में उज्जैन जैन समाज ने एक बड़ा और महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने बताया कि यात्रा के इंदौर – उज्जैन संभाग में प्रवेश पर उज्जैन जैन समाज द्वारा इस पावन धर्मयात्रा का ऐतिहासिक सम्मान और भव्य स्वागत किया जाएगा।
उज्जैन से उठी गिरनार के लिए समर्पण की बात, गूंजा ‘जय नेमी, जय गिरनार’
बैठक के दौरान उपस्थित प्रबुद्ध जनों और समाजसेवियों ने तीर्थराज गिरनार जी के प्रति अपनी अगाध आस्था प्रकट की। उज्जैन की धरा से गिरनार जी की सुरक्षा, संरक्षण और तीर्थ की वंदना के लिए पूर्ण समर्पण की बात उठी। पूरा सभांगार “जय नेमी, जय गिरनार” के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। समाज जनों ने संकल्प लिया कि तीर्थ गौरव की रक्षा और धर्म प्रभावना के लिए उज्जैन का बच्चा-बच्चा समर्पित रहेगा।
इस महत्वपूर्ण बैठक में राष्ट्रीय जिन शासन एकता संघ के राष्ट्रीय संवाहक एवं विश्व जैन संगठन मध्यप्रदेश के संयोजक श्री मयंक जैन तथा संवाहक व राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य श्री महेंद्र जैन भैयन (शिवपुरी) एवं चक्रेश जैन सिंघई विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक का कुशल संयोजन विश्व हिंदू परिषद के अनिल कासलीवाल, पार्श्वनाथ दिगंबर जैन पंचायती मंदिर (फ्रीगंज) के अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सेठी और जैन संसद के महामंत्री सुनील जैन ट्रांसपोर्ट वाले द्वारा किया गया।

बैठक में ये प्रमुख पदाधिकारी एवं समाजजन रहे उपस्थित
बैठक में यात्रा को सफल बनाने और 8 एवं -9 जुलाई की रूपरेखा तैयार करने के लिए उज्जैन के कई वरिष्ठ जन उपस्थित थे जिनमें श्री प्रदीप जैन झांझरी, श्री गौरव जैन लुहाड़िया, श्री प्रसन्न जैन बिलाला,श्री राहुल जैन,श्री जीवंधर जैन,श्री कमल जैन बड़जात्या, श्री इंदरमल जैन, श्री धर्मेंद्र जैन (ठेकेदार), श्री सुनील जैन (पत्रकार, अक्षर विश्व), श्री वीरेंद्र जैन आदि उपस्थित रहे।
यह पावन यात्रा 25 जून को दिल्ली से प्रारंभ होकर दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात के विभिन्न शहरों से गुजरेगी। 8 जुलाई को उज्जैन समाज द्वारा इसका भव्य सम्मान किया जाएगा, जिसके बाद 9 जुलाई को इंदौर में इसका ऐतिहासिक स्वागत होगा। अंततः 19 जुलाई को यह यात्रा अपने गंतव्य तीर्थराज गिरनार जी पहुंचेगी, जहाँ पूरे देश से लाखों की संख्या में श्रद्धालु जुटेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound