श्री श्वेतांबर जैन वरिष्ठ सेवा समिति द्वारा पहली बार फादर्स डे पर अनूठा आयोजन

जावरा । श्री श्वेताम्बर जैन वरिष्ठ सेवा समिति, जावरा द्वारा फादर्स डे के अवसर पर जीवदया सोसायटी, खाचरोद रोड पर एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उन पूज्य पितृजनों को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया, जो आज हमारे बीच भौतिक रूप से उपस्थित नहीं हैं, किन्तु उनके संस्कार, स्नेह, मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद आज भी परिवार एवं समाज को दिशा प्रदान कर रहे हैं।
कार्यक्रम के अंतर्गत दिवंगत पितृजनों की पुण्य स्मृति में गौमाता को दो गाड़ी गो-ग्रास एवं लगभग पांच क्विंटल सब्जी अर्पित कि गई तथा कबूतरों एवं अन्य पक्षियों के लिए ज्वार, मक्का एवं अन्य अन्न डाला गया। उपस्थित सदस्यों ने पिताजी के छायाचित्रो पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर समिति अध्यक्ष अभय सुराणा ने कहा कि पिता केवल परिवार के मुखिया ही नहीं होते, बल्कि जीवन के प्रथम गुरु, प्रेरणास्रोत एवं संस्कारों के आधार स्तंभ होते हैं। उनके आदर्श और शिक्षाएं जीवनभर हमारा मार्गदर्शन करती रहती हैं। फादर्स डे अपने पितृजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक श्रेष्ठ अवसर है।
डॉ. सी.एम. मेहता ने अपने उद्बोधन में कहा कि माता-पिता के प्रति सम्मान और सेवा भारतीय संस्कृति की सबसे बड़ी विशेषता है। अपने पूर्वजों और पितृजनों का स्मरण हमें जीवन में विनम्रता, जिम्मेदारी और कर्तव्यबोध की प्रेरणा देता है।
वरिष्ठ समाजसेवी अशोक लुक्कड़ ने कहा कि आज की पीढ़ी को अपने माता-पिता एवं बुजुर्गों के अनुभवों से सीख लेकर उनके आदर्शों को जीवन में अपनाना चाहिए। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों ने अपने पितृजनों के संस्मरण साझा किए तथा भावुक वातावरण में उन्हें नमन किया। अंत में सभी ने पितृजनों के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर नवीन सदस्य पुखराज जी चत्तर का जन्मदिन भी मनाया गया वह सभी ने उन्हें शुभकामनाएं प्रदान करी। कार्यक्रम का संचालन नेमीचंद जैन तथा आभार प्रदर्शन राजेंद्र कोचर ने माना। इस अवसर पर संस्था के सदस्य अजीत बरडिंया ढोढर ने उनके पिता श्री हस्तीमल जी बरडिंया की स्मृति में 5100 एवं श्री बसंतीलाल जी मेहता की स्मृति में उनके पुत्र लोकेंद्र मेहता द्वारा ₹1100 की राशि की घोषणा गायों के मिष्ठान युक्त स्वामी वात्सल्य के लिए की गई।

इस अवसर पर इनकी रही गरिमामय उपस्थिति
सुभाष डूंगरवाल प्रकाश कोठारी नेमीचंद जैन प्रकाशचंद पामेचा पुखराज चतर संजय सुराणा डॉ सी.एम.मेहता अशोक लुक्कड़ राजेंद्र कोचर अभय सुराणा अनिल धारीवाल ऋषभ छाजेड़ मास्टर अंयाश सुराणा आदि उपस्थित थे। उक्त जानकारी कार्यसमिति सदस्य अनिल धारीवाल ने प्रदान की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound