

रतलाम। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर स्थानीय सरस्वती विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, काटजू नगर के संघ शताब्दी सभागार रतलाम में योग दिवस का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्व रिकॉर्ड धारक, त्रिधा महायोग विज्ञान संस्थान के संस्थापक एवं संचालक श्री ओमप्रकाश चौरसिया रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री चौरसिया ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन शैली एवं आत्म-साधना का मार्ग है। उन्होंने कहा कि शुद्ध जीवन शैली अपनाकर तथा प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित कर योग को सार्थक बनाया जा सकता है।
सरस्वती शिशु शिक्षा समिति के अध्यक्ष श्री वीरेंद्र कुमार सखलेचा ने “करें योग, रहें निरोग” का संदेश देते हुए नियमित योगाभ्यास की प्रेरणा दी। सचिव श्री शैलेंद्र सुरेका ने कहा कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर जीवन का अभिन्न अंग बनाना चाहिए।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। अतिथि परिचय प्राचार्या श्रीमती वत्सला रूनवाल ने दिया। अतिथि स्वागत श्री अरविंद सेठिया एवं श्रीमती संध्या भाटिया ने किया।
प्रचार-प्रसार प्रमुख अनु वार्ष्णेय ने बताया कि इस अवसर पर भैया-बहिनों एवं आचार्य-दीदी द्वारा विभिन्न योगासन, व्यायाम एवं सूर्य नमस्कार का प्रदर्शन किया गया। श्रीमती प्रियंका पाठक, शालिनी दीदी एवं नीतू दीदी ने योग गीत प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में उपाध्यक्ष श्री जवाहर चौधरी, सहसचिव श्री विनोद मूणत सहित विद्यालय परिवार उपस्थित रहा। आभार प्रतिमा सिंह ने व्यक्त किया तथा संचालन पूजा जोशी ने किया। अंत में सभी ने योग को दैनिक जीवन में अपनाकर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने का संकल्प लिया।