योग एवं वृक्षारोपण से दिया स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

महिला स्वस्तिक ग्रुप एवं राजेंद्र जैन महिला परिषद शाखा के संयुक्त आयोजन में महिलाओं ने किया योगाभ्यास, 24 तीर्थंकरों के नाम पर लगाए पौधे

रतलाम। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में महिला स्वस्तिक ग्रुप एवं राजेंद्र जैन महिला परिषद शाखा, रतलाम के संयुक्त तत्वावधान में गुलाब चक्र पर एक दिवसीय ‘सतत योग दिवस सेलिब्रेशन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योग, एरोबिक्स एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से जुड़े विभिन्न अभ्यास किए।
कार्यक्रम की मुख्य प्रशिक्षक एवं योग विशेषज्ञ रक्षिता साखले ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक शांति, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक ऊर्जा का भी संचार करता है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को विभिन्न योगासन, प्राणायाम तथा स्वस्थ जीवनशैली से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए और दैनिक दिनचर्या में योग को अपनाने का आह्वान किया।
स्वास्थ्य जागरूकता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कार्यक्रम के दौरान चौबीस तीर्थंकर परमात्माओं के नाम पर 24 पौधों का वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर सभी महिलाओं ने हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर योगदान देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में महिला स्वस्तिक ग्रुप की संस्थापक सारिका, अध्यक्ष कविता काठेड, कोषाध्यक्ष मनीषा गंगवाल, सचिव मनीषा कोठारी तथा राजेंद्र जैन महिला परिषद शाखा, रतलाम की अध्यक्ष रीना आचलिया एवं सचिव सारिका डूंगरवाल विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं सहभागियों का आभार व्यक्त किया गया तथा स्वस्थ समाज, निरोगी जीवन और हरित पर्यावरण के उद्देश्य से ऐसे जनजागरण कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound