योजना में जन सुविधाओं को प्रमुखता दिए जाने के दिए निर्देश



रतलाम 22 जून । रतलाम विकास प्राधिकरण द्वारा त्रिवेणी मेला स्थल के समीप प्रस्तावित नगर विकास योजना क्रमांक- 2 की राज्य शासन के सूक्ष्म,लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री श्री चैतन्य काश्यप ने गत दिवस अपने कार्यालय में समीक्षा की । उन्होंने योजना के वास्तुविद एवं परामर्शदाता, अर्बन लिंक्स,इंदौर के प्रबंध संचालक श्री मयंक जगवानी को योजना के अंतर्गत जन सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए, ताकि योजना का अधिक से अधिक जनोपयोगी स्वरूप में विकास हो सके । समीक्षा बैठक में महापौर श्री प्रहलाद पटेल, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री प्रदीप उपाध्याय, रतलाम विकास प्राधिकरण अध्यक्ष श्री मनोहर पोरवाल, उपाध्यक्षद्वय श्री गोविंद काकानी, श्री प्रवीण सोनी, प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संजय कुमार शर्मा एवं प्राधिकरण के संबंधित कर्मचारी राजेश उपाध्याय आदि उपस्थित थे ।
योजना के परामर्शदाता श्री जगवानी ने पॉवर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से मंत्री जी के समक्ष योजना के आवासीय, व्यावसायिक भूखंड तथा जन सुविधाओं से जुड़े प्रावधानों के संदर्भ में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की । मंत्री काश्यप जी ने योजना के परामर्शदाता को योजना के नियोजन में आईं कमियों को विशेष रूप से चिह्नित करते हुए दूर करने के निर्देश दिए । ज्ञातव्य है कि प्राधिकरण द्वारा उक्त योजना के अंतर्गत लगभग लगभग रुपए 140.81 करोड़ की लागत से 70.128 हेक्टेयर भूमि क्षेत्रफल में योजना का विकास प्रस्तावित है, जिसका मानचित्र नगर तथा ग्राम निवेश विभाग द्वारा स्वीकृत किया जा चुका है ।