“ग्राम जड़वासा कलां में पंच कुण्डीय गायत्री महायज्ञ हुआ सम्पन्न”

रतलाम। जिले के खाचरोद रोड स्थित ग्राम जड़वासा कलां में अखिल विश्व गायत्री परिवार की रतलाम शाखा द्वारा पंच कुण्डीय गायत्री महायज्ञ सम्पन्न कराया गया। कार्यक्रम मुख्य मार्ग स्थित शिव मंदिर प्रांगण में सम्पन्न हुआ। गायत्री परिवार की आचार्यगण नरेंद्र पाठक एवं गोपाल चौहान ने यज्ञ कर्मकाण्ड सम्पन्न कराया। आचार्य नरेंद्र पाठक ने यज्ञीय उद्बोधन में बताया कि सनातन संस्कृति में यज्ञ को श्रेष्ठ कार्य बताया गया है। इसका उद्देश्य जीवन में अच्छाई को धारण करने और बुराई को त्याग करके जीवन को उत्कृष्ट बनाना है।
इस यज्ञीय कार्यक्रम में 11 गर्भवती बहनों का पुंसवन संस्कार एवं गायत्री परिजन मदन मोहन साहू का जन्मदिवस संस्कार मनाया गया। गायत्री परिवार महिला मंडल की ऋतु सैनी, डॉली साहू और मित्रा जोशी ने गर्भवती बहनों को गर्भ संस्कार और गर्भावस्था में संस्कार, नियम, उपासना, आदर्श दिनचर्या के महत्व को समझाया।
उल्लेखनीय है कि अखिल विश्व गायत्री परिवार की अधिष्ठात्री माता भगवती देवी शर्मा के जन्मशताब्दी संकल्प अनुयाज कार्यक्रम के अंतर्गत गायत्री परिवार द्वारा जिले में निरंतर विभिन्न आयोजन किये जा रहें है। इसी तारतम्य में ग्राम जड़वासा कलां में सोमवार 22 जून को पंच कुण्डीय गायत्री महायज्ञ सम्पन्न कराया गया। नारी जागरण अभियान के अंतर्गत गर्भवती बहनों के पुंसवन संस्कार सम्पन्न कराए गए। गायत्री परिवार रतलाम के मुख्य ट्रस्टी पातीराम शर्मा के नेतृत्व में प्रांतीय युवा प्रकोष्ठ प्रभारी विवेक चौधरी, मदन मोहन साहू, सुरेंद्र जोशी, गिरधारीलाल चौहान, लालाशंकर पाटीदार, गोपाल गौड़, पवन गौड़ सहित अन्य गायत्री परिजनों ने कार्यक्रम में सहभागिता की। जिला पंचायत सदस्य सत्यनारायण पाटीदार की विशेष उपस्थिति रही, जबकि ग्राम जड़वासा कलां से सत्यनारायण पाटीदार, सन्दीप पाटीदार, राधेलाल विश्वकर्मा, बसन्तीलाल बंगाली, ईशवरलाल प्रजापत, राजेश पाटीदार, आनन्दीलाल पाटीदार, दिनेश चौधरी, बाबूलाल पाटीदार, कैलाश पाटीदार, कुंदन पाटीदार, ईश्वर सिंह सिसोदिया आदि सम्मिलित हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound