
जावरा (अभय सुराणा) । पुलिस मुख्यालय से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में 24वी वाहिनी विसबल जावरा में 12 वा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य कार्यक्रम अत्यंत उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बटालियन के अधिकारियों, कर्मचारियों और जवानों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत में देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विशेष उद्बोधन का लाइव प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों ने अत्यंत ध्यानपूर्वक सुना। प्रधानमंत्री जी ने अपने संदेश में योग के वैश्विक महत्व और मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य के लिए इसकी अनिवार्यता पर बल दिया।
लाइव प्रसारण के साथ हुआ योगाभ्यास
प्रधानमंत्री जी के लाइव प्रसारण के तुरंत बाद, निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योग कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस दौरान कुशल योग प्रशिक्षक संजय सुराणा के मार्गदर्शन में उपस्थित सभी वाहिनी के सभी अधिकारी कर्मचारियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। जवानों को तनाव मुक्त रहने और अपनी दिनचर्या में योग को शामिल करने का संकल्प भी दिलाया गया।
इस अवसर पर 24वी वाहिनी विसबल जावरा के कमांडेंट श्री विनोद कुमार सिंह ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि पुलिस विभाग की व्यस्त और तनावपूर्ण कार्यप्रणाली में शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है, और योग इसका सबसे उत्तम माध्यम है। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जवानों को निरोगी और ऊर्जावान बनाए रखना है।जैन सोशल ग्रुप सेंट्रल जावरा के पूर्व अध्यक्ष सुरेश जी पगारिया, अतिथि के रूप में उपिस्थति रहे ।
इस अवसर पर उप सेनानी श्री मनोहर सिंह बारिया, सहायक सेनानी श्री अजय बहादुर लावरे, निरीक्षक श्री देवेंद्र सिंह चौहान, क्वार्टर मास्टर प्रभारी श्री सुनील वास्केल, सूबेदार जॉन बड़किया उप निरीक्षक श्री रामरतन गोयल, हवलदार मेजर श्री देवी सिंह गरवाल सहित बटालियन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया और कल्याणकारी विचारों के साथ सत्र का समापन हुआ।