युवा संगम मेले में उमड़ा युवाओं का उत्साह, 138 का चयन और 741 हितग्राहियों को लाभ

रतलाम । तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार मंत्रालय, भोपाल, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भोपाल तथा रोजगार संचालनालय, भोपाल के निर्देशानुसार जिला प्रशासन, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग, जिला रोजगार कार्यालय एवं मध्य प्रदेश डे-ग्रामीण आजीविका मिशन के संयुक्त तत्वावधान में शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, सैलाना रोड, रतलाम में युवा संगम अंतर्गत संयुक्त रूप से रोजगार मेला, स्वरोजगार मेला, प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेला, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना एवं मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना का आयोजन किया गया।
मेले में कुल 159 प्रतिभागियों ने पंजीयन कराया, जिनमें से 13 कंपनियों द्वारा निर्धारित मापदंड एवं साक्षात्कार के उपरांत 138 प्रतिभागियों का प्राथमिक चयन किया गया। साथ ही 1 कंपनी द्वारा 3 प्रतिभागियों का अप्रेंटिसशिप हेतु चयन किया गया। चयनित प्रतिभागियों को संस्था के प्राचार्य श्री प्रशांत मईड़ा द्वारा ऑफर लेटर प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, रतलाम द्वारा मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना, PMFME एवं पीएम स्वनिधि योजना अंतर्गत कुल 741 हितग्राहियों को 459.68 लाख रुपये के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। श्रम विभाग द्वारा 5 श्रमिकों को ई-श्रम कार्ड प्रदान किए गए तथा विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर प्रशिक्षण अधीक्षक श्री एच.के. बाथम ने युवाओं को आत्मनिर्भर बनने एवं मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में आजीविका मिशन, जिला रोजगार कार्यालय एवं संस्था के अधिकारियों-कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound