सीमेंट से भरा ट्राला पलटी खा गया, मृतका के पति का रतलाम उपचार चल रहा

बड़ावदा (शिरीष सकलेचा)। शुक्रवार दोपहर राजाखेड़ी मोड़ पर एक दुर्घटना में 19 वर्षीय महिला की मौत हो गई। जबकि उसका पति घायल हुआ है। जिसका उपचार रतलाम मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। मृतका महिला का जावरा शासकीय चिकित्सालय में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। राजाखेड़ी के यहां आए दिन इस तरह की दुर्घटनाए हो रही है।
औद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत हुई इस सड़क दुर्घटना में बेरछा नागदा के समीप मीनावदाखेड़ा निवासी सरिता पति कन्हैयालाल चंद्रवंशी (19) की दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक एक सीमेंट से भरा ट्रेलर(ट्राला) आर.जे. 27 जीडी 4430 सीमेंट से भरा जावरा की और से आ रहा था। वही मोटरसाइकिल सवार कन्हैयालाल (क्रमांक एमपी 13 एफएन 9590 ) लालखेड़ा अपने फूफा ससुर शंकरलाल चंद्रवंशी के यहां मकान मुहूर्त हेतु जा रहे थे। सीमेंट से भरे ट्राले ने मोटर साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। बाइक का संतुलन बिगड़ने से घसीटा गई व ट्रेलर के पहिये के नीचे महिला आ गयी। जिससे उसका सिर फट गया। घटना स्थल पर ही उसकी मृत्यु हो गई। ट्राला पलटी खा गया। सरसी चौकी प्रभारी अय्यूब खान ने बताया कि ट्रेलर चालक फरार हो गया है। पोस्टमार्टम के बाद मृतका का शव परिजनों को सौंप दिया। मीनावदा खेड़ा में अंतिम संस्कार किया गया।