तप और सेवा का अद्भुत संगम : अष्टापद तीर्थ पर वर्षीतप तपस्वियों के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी निभाई लायंस क्लब ने

जावरा (अभय सुराणा) । धर्म, सेवा और मानवता का प्रेरणादायी संगम श्री जैन अष्टापद तीर्थ पर उस समय देखने को मिला, जब सुसंस्कृत समकित युवा परिवार द्वारा आयोजित वर्षीतप तपोत्सव के अंतर्गत वर्षीतप पारणा समारोह में लायंस क्लब जावरा ने “सेवा आपके द्वार” अभियान के तहत तपस्वियों के लिए निःशुल्क नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया। इस सेवा कार्य से लगभग 110 वर्षीतप तपस्वी महिला एवं पुरुष लाभान्वित हुए।
विगत कई वर्षों से आयोजित किए जा रहे इस तपोत्सव में वर्षीतप तपस्वियों की पारणा, एकासना एवं बियासना की धार्मिक व्यवस्थाएं अत्यंत श्रद्धा, अनुशासन और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुईं। समकित युवा परिवार के सदस्यों ने पूरे समर्पण एवं सेवा भावना के साथ सभी तप आराधकों की व्यवस्थाओं का संचालन किया, जिससे सभी तपस्वियों का साता सहित पारणा संपन्न हुआ।
इस अवसर पर लायंस क्लब जावरा के सहयोग से लायंस नेत्र चिकित्सालय की विशेषज्ञ चिकित्सा टीम ने लगभग 110 तपस्वी महिला एवं पुरुषों का निःशुल्क नेत्र परीक्षण किया। साथ ही ब्लड शुगर एवं ब्लड प्रेशर की जांच कर आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श दिया गया तथा जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया। तपस्वियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे धर्म के साथ स्वास्थ्य सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
कार्यक्रम के दौरान समकित परिवार एवं श्री जैन अष्टापद तीर्थ पेढ़ी के पदाधिकारियों ने लायंस क्लब जावरा के अध्यक्ष एमजेएफ लायन यश जैन, पूर्व अध्यक्ष लायन सुजानमल कोचट्टा तथा लायन मनीष कोचर का शाल, श्रीफल एवं माल्यार्पण कर सम्मान किया। वहीं लायंस नेत्र चिकित्सालय के प्रबंधक जे.पी. श्रीवास्तव एवं चिकित्सकीय टीम को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनकी सेवाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। श्री अष्टापद तीर्थ ट्रस्ट के ट्रस्टियों ने भी समकित परिवार के युवा साथियों, लायंस क्लब की टीम एवं सभी वर्षीतप तपस्वियों का बहुमान करते हुए प्रभावना भेंट की।
लायंस क्लब जावरा के अध्यक्ष एमजेएफ लायन यश जैन ने अपने संबोधन में कहा कि “धर्म और सेवा एक-दूसरे के पूरक हैं। वर्षीतप जैसे कठिन तप की साधना करने वाले तपस्वियों के स्वास्थ्य की चिंता करना भी समाज का दायित्व है। ‘सेवा आपके द्वार’ अभियान के माध्यम से लायंस क्लब जावरा निरंतर समाज के प्रत्येक वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए कार्यरत है। ऐसे धार्मिक आयोजनों में सेवा करने का अवसर मिलना हमारे लिए सौभाग्य और पुण्य का विषय है।”
कार्यक्रम में समकित परिवार के सदस्य, श्री जैन अष्टापद तीर्थ पेढ़ी के पदाधिकारी, ट्रस्टीगण, लायंस क्लब के सदस्य तथा बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। आयोजन ने यह संदेश दिया कि जब धर्म और सेवा साथ चलते हैं, तब समाज में आस्था के साथ-साथ मानवता भी सशक्त होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound