

रतलाम । तैराकी मात्र मांसपेशियां ही मजबूत नहीं करता बल्कि यह कैलोरी बर्न करने के साथ-साथ तनाव एवं अवसाद कम करता है व हृदय गति में वृद्धि करता है । यह बात प्रदेश महामंत्री विप्लव जैन ने डॉल्फिन स्विमिंग पूल में आयोजित तैराकी स्पर्धा के अवसर पर कही। प्रेस फोटोग्राफर राकेश पोरवाल ने कहा कि तैराकी मात्र मनोरंजन का साधन नहीं अपितु यह ऐसा बेहतरीन व्यायाम है जो शरीर को स्वस्थ् एवं व्यक्ति को सक्रिय रखने में मदद करता है। समाज सेवी योगेंद्र शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि जीवन रक्षक कौशल के रूप में तैराकी तथा डूबने से बचने, बचाने और पानी से जुड़ी आपदाओं में उपयोगी सिद्ध होता है।
इस अवसर पर विभिन्न आयु वर्ग की किकिंग, फ्रीस्टाइल, बैक स्ट्रोक, ग्लाइड स्पर्धा आयोजित की गई जिसमें 8 वर्ष से कम आयु वर्ग में ध्रुवील प्रफुल्ल सोनगरा ,12 वर्ष से कम आयु वर्ग में निष्ठा तंवर, आशी आशिम पांडे, 16 वर्ष से कम आयु वर्ग में जितिशा चौहान एवं 16 वर्ष से ऊपर के आयु वर्ग में आयुषी जैन , रुमानशी जैन एवं आर्ची जैन ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान प्राप्त किया। सफल प्रतियोगियो को पुरुस्कृत किया गया।
इसके पूर्व अतिथियों का स्वागत विनय पांडे ,पंकज सिंह मेवाडा, प्राची पांडे, उदय ओझा, उदित पांडे, मानसी पांडे, ऋषभ पंवार, विधि बडोले, उदय यादव, कोमल टांक ने किया ।डॉल्फिन स्विमिंग पूल के डायरेक्टर विजय शंकर पांडे ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह वह स्विमिंग पूल है जहां केवल वेल क्वालिफाइड ट्रेनर बच्चों को कैंप के माध्यम से उचित प्रशिक्षण देते हैं तथा उनकी सुरक्षा की समुचित व्यवस्था करते हैं ताकि जबलपुर जैसे हादसे ना होने पाए। कार्यक्रम का संचालन नेशनल इंस्टीट्यूट आफ स्पोर्ट्स , एवं स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया की कोच पूर्वा पंवार, ने किया। ।