
रतलाम 27 जून। आगामी मानसून के आगमन को दृष्टिगत रखते हुए तथा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री अश्वनी कुमार के निर्देशन में आरपीएफ ग्राउंड में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री अश्वनी कुमार सहित मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता श्री भजन लाल मीना की ओर से यह पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान होने वाली पर्याप्त वर्षा से लगाए गए पौधों के शीघ्र विकसित होने की संभावना रहती है, जिससे भविष्य में हरित आवरण बढ़ेगा और पर्यावरण अधिक स्वच्छ एवं संतुलित बनेगा।
मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल सुनिश्चित करने का भी आह्वान किया, ताकि वृक्षारोपण अभियान अपने उद्देश्य को सफलतापूर्वक प्राप्त कर सके। कार्यक्रम के दौरान सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के पर्यावरण संरक्षण संबंधी अभियान आयोजित कर हरित, स्वच्छ एवं सतत् पर्यावरण के निर्माण में सक्रिय योगदान दिया जा रहा है।