अतिवृष्टि एवं बाढ़ आपदा की पूर्व तैयारी के संबंध में बैठक संपन्न



रतलाम 27 जून । मानसून वर्ष 2026 अतिवृष्टि एवं बाढ़ आपदा की पूर्व तैयारी के संबंध में कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पूर्व बैठक में दिए दिशा निर्देशों का पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। कलेक्टर ने सभी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत को संपर्क विहीन ग्रामों की सूची एवं आवश्यक होने की दशा में रेस्क्यू के लिए वैकल्पिक स्थान की सूची तैयार करके होमगार्ड को उपलब्ध कराने हेतु कहा।
कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने निर्देशित किया कि नदियों के आसपास के ग्रामीण क्षेत्र एवं पुल, पुलिया क्षेत्र के लिए सभी विभाग प्रमुख अपने अधिकारी कर्मचारी की ड्यूटी लगाकर उनकी जिम्मेदारी तय करें तथा स्वयंसेवी लोगों की भी सूची तैयार रखें , मुख्य स्थानो पर साईंनेज लगाए। दिनांक 30 जून को आयोजित होने वाली विशेष ग्राम सभा के दौरान लोगों को बारिश के दौरान रखने वाली सावधानियां की जानकारी दी जाए , सूचना दे कि क्षेत्रों में अतिवृष्टि होने की दशा में आवाजाही बंद की जा सकती है । सभी अधिकारी अपने क्षेत्र में जाकर अतिवृष्टि की पूर्व तैयारी का परीक्षण करें।मैदानी कर्मचारियों की बैठक लेकर उन्हें जिम्मेदारी सौंपी जाए । क्षेत्रों में जल भराव होने पर यदि मोटर के माध्यम से पानी निकालना संभव हो तो निकाले अन्यथा लोगो की आवाजाही बंद करें। जिन स्थानों को रेस्क्यू के लिए चिन्हित किया गया है उन स्थानों पर पानी , बिजली शौचालय सभी प्रकार की बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाये। उन्होंने जर्जर आंगनवाड़ी केंद्र स्कूल और स्वास्थ्य केंद्र के भवनों की सूची प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। रतलाम जिले के शहरी अथवा ग्रामीण क्षेत्रों में यदि किसी को भी कोई ऐसा भवन दिखाई देता है जिसके बारिश के दौरान गिरने की संभावना है तो इसकी सूचना कंट्रोल रूम के नंबर 07412-270416 पर दी जा सकती है । उन्होंने बाजना क्षेत्र में बिना मुंडेर के कुएं वाले स्थानों को चिन्हित कर आवश्यक उपाय करने के निर्देश दिए। सभी अधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में जल भराव की संभावना वाले क्षेत्र की जानकारी विस्तार से प्रस्तुत की गई। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जर्जर भवनों को चिन्हित करने के लिए कर्मचारियों के माध्यम से सर्वे कराया जाए। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को एंटी स्नेक वेनम, आवश्यक दवाइयां की उपलब्धता, डिपो होल्डर आशा के पास ओआरएस के पैकेट , उल्टी दस्त की दवाइयां रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पानी के खुला स्रोतो का चिन्हांकन करे, लोगों को बारिश के दौरान हेडपंप का पानी पीने की सलाह दे और पेयजल स्रोतों का क्लोरीनेशन कराया जाए।
बैठक मध्य प्रदेश विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आवश्यक विद्युत व्यवस्था की सभी तैयारी पहले से रखें , विद्युत संबंधी सभी प्रकार की वायरिंग एवं व्यवस्थाएं गुणवत्तापूर्ण सुनिश्चित की जाए। डीन को मेडिकल कॉलेज में मरीजो के लिए उचित प्रकार से प्रबंधन एवं आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया गया। बैठक के दौरान एडीएम श्री ब्रजेन्द्र कुमार रावत, निगमायुक्त श्री अनिल भाना, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती राधा महंत, जिला कमांडेंट होमगार्ड श्रीमती रोशनी बिलवाल, परियोजना अधिकारी जिला शहरी विकास अभिकरण श्री अरुण कुमार पाठक तथा विभिन्न विभागीय अधिकारी कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।