प्राधिकरण में स्वच्छता अभियान ने गति पकड़ी

अध्यक्ष मनोहर पोरवाल के निर्देशन में उपाध्यक्ष काकानी ने नगर निगम के सहयोग से कार्यालय में स्वच्छता प्रारम्भ करवाई

रतलाम 28 जून । स्वच्छता में ही स्वस्थ कार्य संस्कृति का विकास होता है, इसी ध्येय को सामने रखकर रतलाम विकास प्राधिकरण द्वारा कार्यालय में स्वच्छता अभियान प्रारंभ किया गया है । प्राधिकरण अध्यक्ष मनोहर पोरवाल, उपाध्यक्षद्वय गोविंद काकानी, प्रवीण सोनी तथा संचालक मंडल सदस्य गण द्वारा पदभार ग्रहण करने के साथ ही कार्यालय में निरीक्षण कर वृहद स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाये जाने की आवश्यकता महसूस की गई थी, ताकि प्राधिकरण के कर्मचारी स्वच्छ वातावरण में कार्य करें एवं आगंतुकगण को कार्यालय में आने पर सुखद परिवेश का अनुभव हो ।
प्राधिकरण उपाध्यक्ष गोविंद काकानी ने स्वयं स्वच्छता अभियान की कमान संभाली एवं क्षेत्रीय पार्षद प्रतिनिधि राजेश माहेश्वरी के साथ संयुक्त रूप से नगर निगम के सक्रिय सहयोग से इस अभियान को प्रारंभ किया । श्री काकानी की उपस्थिति में पार्षद प्रतिनिधि श्री माहेश्वरी ने इस अभियान में पूर्ण सहयोग करते हुए नगर निगम के कचरा संग्रहण वाहन एवं स्वच्छता कर्मी उपलब्ध कराकर कार्यालय के बाहरी एवं पिछले क्षेत्र में सफाई कार्य कराया, वहीं प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संजय कुमार शर्मा के निर्देश पर प्राधिकरण कर्मियों ने कार्यालय के भीतर साफ -सफाई करते हुए रिकॉर्ड तथा नस्तियों का बेहतर संधारण प्रारंभ किया |इससे कार्यालय पहले से काफी स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित नजर आने लगा है ।
अध्यक्ष श्री मनोहर पोरवाल ने बताया कि कार्यालय में स्वच्छता अभियान निरंतर जारी रहेगा एवं स्वच्छता के साथ-साथ स्वच्छ पेयजल, रंग रोगन आदि मानकों पर प्राधिकरण को एक आदर्श कार्यालय के रूप में स्थापित किए जाने का प्रयास किया जाएगा ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound