अध्यक्षीय यशोत्सव अवार्ड, देहदानी-नेत्रदानी परिवारों का सम्मान, नई लिफ्ट, आधुनिक चिकित्सा उपकरण एवं नवीन कार्यालय का लोकार्पण
जावरा (निप्र)। लायंस क्लब जावरा के सत्र 2025-26 का “यशोत्सव” समारोह रविवार को सेवा, सम्मान एवं गौरव के ऐतिहासिक आयोजन के रूप में सम्पन्न हुआ। अध्यक्ष एमजेएफ लायन यश जैन एडवोकेट के नेतृत्व में आयोजित समारोह में उत्कृष्ट सेवा करने वाले लायन सदस्यों को “अध्यक्षीय यशोत्सव अवार्ड” से सम्मानित किया गया। साथ ही देहदानी एवं नेत्रदानी परिवारों का बहुमान, नेत्र चिकित्सालय में स्थापित नई लिफ्ट, आधुनिक नेत्र चिकित्सा उपकरणों तथा लायंस क्लब जावरा के नवीन कार्यालय का लोकार्पण अतिथियों के करकमलों से सम्पन्न हुआ।
समारोह के मुख्य अतिथि इंटरनेशनल डायरेक्टर एंडोर्सी एमजेएफ लायन कुलभूषण मित्तल थे। अध्यक्षता डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एमजेएफ लायन अनिल खंडेलवाल ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट लायन जयप्रकाश त्रिपाठी, प्रथम उप डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट लायन राम जाट, पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एमजेएफ लायन राजेन्द्र गर्ग एवं रीजन चेयरपर्सन संतोष मेड़तवाल उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, राष्ट्रगान, ध्वज वंदना दीपिका जैन द्वारा करते हुए अतिथि स्वागत के साथ हुआ। बालिका वेदांशी चौहान ने आकर्षक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थितजनों की भरपूर सराहना प्राप्त की। उत्कृष्ट प्रस्तुति पर अतिथियों द्वारा उन्हें पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अध्यक्ष एमजेएफ लायन यश जैन एडवोकेट ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि उनका सम्पूर्ण कार्यकाल “सेवा, समर्पण, पारदर्शिता एवं टीम वर्क” की भावना को समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि लायंस क्लब जावरा ने केवल कार्यक्रमों का आयोजन नहीं किया, बल्कि समाज की वास्तविक आवश्यकताओं को केंद्र में रखकर सेवा कार्यों को नई दिशा प्रदान की। नेत्र चिकित्सालय का सुदृढ़ीकरण, लायंस डायग्नोस्टिक सेंटर की स्थापना, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता, नई लिफ्ट, सोलर ऊर्जा संयंत्र, निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, नेत्रदान-देहदान जागरूकता अभियान तथा “सेवा आपके द्वार” जैसी जनकल्याणकारी गतिविधियाँ इसी सेवा भावना का परिणाम हैं।
उन्होंने कहा कि यह स्वर्णिम कार्यकाल किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि सभी पूर्वाध्यक्षों, पदाधिकारियों, प्रशासनिक समिति, चिकित्सकों, कर्मचारियों, दानदाताओं, लायन साथियों एवं समाज के सामूहिक सहयोग का प्रतिफल है। उन्होंने सभी सहयोगियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि “जब सेवा का संकल्प सामूहिक हो, तो सफलता स्वयं इतिहास बन जाती है। हमारा प्रयास सदैव यही रहेगा कि लायंस क्लब जावरा सेवा, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरणादायी केंद्र बना रहे।” उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाली टीम भी इसी सेवा परंपरा को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएगी।
इसके पश्चात सचिव लायन अशोक कुमार चोपड़ा ने वर्षभर संचालित सेवा गतिविधियों एवं उपलब्धियों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
समारोह में नेत्र चिकित्सालय में स्थापित नई लिफ्ट, अत्याधुनिक नेत्र चिकित्सा मशीनों एवं उपकरणों का लोकार्पण किया गया। साथ ही लायंस क्लब जावरा के नवीन कार्यालय का विधिवत उद्घाटन भी अतिथियों द्वारा सम्पन्न हुआ।
सेवा गतिविधि के अंतर्गत स्वर्गीय अमरलाल जी रावल की पुण्य स्मृति में लायन राकेश रावल द्वारा चार व्हीलचेयर लायंस क्लब के माध्यम से नेत्र चिकित्सालय को समर्पित की गईं, जिससे मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। इस सेवा कार्य के लिए संस्था द्वारा रावल परिवार का सम्मान किया गया।
इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों, पूर्वाध्यक्षों एवं लायन साथियों ने इंटरनेशनल डायरेक्टर एंडोर्सी एमजेएफ लायन कुलभूषण मित्तल तथा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एमजेएफ लायन अनिल खंडेलवाल को मल्टीपल सेक्रेटरी पद पर मनोनयन होने पर साफा पहनाकर, 51 किलो की भव्य पुष्पमाला, स्मृति-चिन्ह एवं अभिनंदन-पत्र भेंट कर भव्य सम्मान किया। समारोह में समाजसेवी जयेश चौरड़िया को 13 गौशालाओं में लायंस क्लब के माध्यम से साउंड सिस्टम भेंट करने के सेवाभावी कार्य के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। वहीं आशीष पोखरना को 65 बार स्वैच्छिक रक्तदान करने पर शाल, माला एवं सम्मान-पत्र प्रदान कर अभिनंदित किया गया।
इस अवसर पर देहदानी एवं नेत्रदानी परिवारों का श्रद्धापूर्वक सम्मान करते हुए उन्हें स्मृति-चिन्ह एवं श्रद्धांजलि चित्र भेंट किए गए। साथ ही वर्षभर उत्कृष्ट सेवा कार्य करने वाले प्रशासनिक समिति के सदस्यों, पूर्वाध्यक्षों एवं लायन सदस्यों को “अध्यक्षीय यशोत्सव अवार्ड” से सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि एमजेएफ लायन कुलभूषण मित्तल ने कहा कि लायंस क्लब जावरा ने सेवा, नवाचार एवं संगठनात्मक उत्कृष्टता का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। अध्यक्ष एमजेएफ लायन यश जैन एवं उनकी टीम का कार्यकाल पूरे डिस्ट्रिक्ट के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
अध्यक्षता कर रहे डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एमजेएफ लायन अनिल खंडेलवाल ने क्लब की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि जावरा क्लब ने सेवा कार्यों के माध्यम से समाज में विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने समारोह के दौरान नवागत लायन सदस्यों को शपथ दिलाकर विधिवत सदस्यता ग्रहण कराई।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन राजकुमार मारवाड़ी एवं एमजेएफ लायन अरुण संघवी ने किया। अंत में प्रथम उपाध्यक्ष लायन सुधीर जैन ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, लायन साथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह के पश्चात सभी ने सहभोज में सहभागिता कर आत्मीयता एवं सौहार्द का परिचय दिया।