एक पेड़ मां के नाम अभियान अंतर्गत पौधारोपण करे – कलेक्टर

  • खेमरिया और तालीदाना की गौशाला मॉडल बनेगी
  • समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक संपन्न

रतलाम 29 जून/ कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की अध्यक्षता में समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन सहित जिले के विभिन्न विभाग प्रमुख एवं अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने विभिन्न विभाग प्रमुखों को एक पेड़ मां के नाम अभियान अंतर्गत पौधारोपण करते हुए पोर्टल पर लोकेशन आधारित फोटोग्राफ अपलोड करने को कहा। परियोजना अधिकारी जिला शहरी विकास अभिकरण ने बताया कि जिले के नगरीय निकायों द्वारा 2 लाख से अधिक पौधारोपण किया जाएगा। कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि वह पोषण आधारित पौधारोपण करें। घने स्तर पर पौधरोपण करने के बाद पौधों की व्यवस्थित देखभाल की जाए। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री टी बी मुक्त भारत अभियान अंतर्गत सभी प्रथम श्रेणी अधिकारियों को निःक्षय मित्र बनकर टी बी के पॉजिटिव मरीज हेतु फूड बास्केट प्रदान करने के लिए कहा। उन्होंने डीन मेडिकल कॉलेज को बिजली बचाने के लिए सोलर आधारित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। लोक सेवा केंद्र अंतर्गत सभी आवेदनों का समय सीमा में निराकरण करने तथा समय अवधि पत्र का समय सीमा में निराकरण करने के लिए निर्देशित किया गया। बैठक में जल गंगा संवर्धन अभियान, वाटर हार्वेस्टिंग संबंधी गतिविधियां आदि के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने श्रम विभाग के अधिकारियों को प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना अंतर्गत अधिक से अधिक हितग्राही को पंजीकृत करने के निर्देश दिए। श्रम पदाधिकारी ने बताया कि योजना में 15000 रुपए तक की मासिक आय अर्जित करने वाले लोग योजना में पात्र हैं। योजना में पंजीकरण के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष होना चाहिए। इसके लिए आयु के आधार पर मासिक आय से 55 रुपए से लगभग 250 रुपए प्रतिमाह की राशि देना होती है। योजना में 60 वर्ष की आयु के बाद 3000 रुपये प्रति माह की निश्चित पेंशन प्राप्त होती है, योजना में पंजीकरण के लिए नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर पर आसानी से पंजीयन कराया जा सकता है।
कलेक्टर ने उप संचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग डॉ नवीन शुक्ला को निर्देशित किया कि रतलाम जिले की खेमरिया और तालीदाना गौशाला को मॉडल गौशाला के रूप में विकसित किया जाए। श्री नवीन शुक्ला ने बताया कि पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा लखपति गौ पालक दीदी योजना प्रारंभ की गई है। यह योजना शून्य पूंजीगत निवेश, अधिकतम अनुवांशिक एवं आर्थिक लाभ के मंत्र पर आधारित है। योजना के अंतर्गत गाय भैंस की उच्च नस्ल से गर्भाधान कराकर बछिया/पड़िया पैदा की जाएगी। जिसमें उचित पोषण एवं स्वास्थ्य के साथ पालन करने पर वैज्ञानिक ज्ञान के अनुसार अपनी अवर्णित नस्ल की मां से लगभग ढाई गुना अधिक दूध देने की संभावना होगी और एक बछिया/पडीया के जीवन काल में पशुपालक द्वारा 3 से 4 लाख रुपए का अतिरिक्त लाभ बिना किसी अतिरिक्त निवेश के अर्जित किया जा सकता है, और यदि परिवार के पास ऐसी तीन से चार बछिया/पडीया हो तो कुल लाभ 10 लाख से अधिक हो सकता है, जो लखपति बनने की सुनिश्चित राह है और लखपति गौ पालक दीदी की अवधारणा को साकार करता है। योजना के बारे में अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए गौ पालक लखपति दीदी योजना, जिला नोडल अधिकारी डॉ निकिता डावर मों. नंबर 9131680136 पर संपर्क किया जा सकता है अथवा कार्यालय में उपस्थित होकर भी पूरी जानकारी प्राप्त की जा सकती है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound