देहदान कर चिकित्सा शिक्षा व मानव सेवा में देंगे अमूल्य योगदान


रतलाम 30 जून। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस (1 जुलाई) के अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी श्री अशोक पिता गेंदालाल खाबिया ने मानव सेवा की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल करते हुए देहदान का संकल्प लिया। उनके निवास पर काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन के सचिव गोविंद काकानी ने परिवारजनों की उपस्थिति में विधिवत देहदान संकल्प पत्र भरवाया।
इस अवसर पर उनके सुपुत्र पराग खाबिया, पुत्रवधू श्रीमती अनुराधा पराग खाबिया तथा पोतियाँ लब्धी एवं दिति खाबिया उपस्थित रहीं। देहदान का यह संकल्प पत्र 1 जुलाई 2026 को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडे शासकीय मेडिकल कॉलेज, रतलाम की डीन डॉ. अनीता मूथा को औपचारिक रूप से सौंपा जाएगा।
गोविंद काकानी ने बताया कि श्री अशोक खाबिया वर्षों से सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहे हैं। वे महावीर इंटरनेशनल संस्था, ग्रीन एंड क्लीन रतलाम सहित अनेक राष्ट्रीय सामाजिक संस्थाओं में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन कर समाज सेवा की उल्लेखनीय मिसाल प्रस्तुत कर चुके हैं। उनका देहदान का निर्णय समाज में जनजागरण और मानव सेवा की भावना को नई प्रेरणा देगा।
उन्होंने कहा कि बढ़ती उम्र के बावजूद श्री खाबिया का प्रकृति प्रेम भी अनुकरणीय है। उनके निवास परिसर में लगे असंख्य पौधे पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। वे जीवनभर समाज, पर्यावरण और मानवता की सेवा के लिए समर्पित रहे हैं।
देहदान संकल्प के इस प्रेरणादायी अवसर पर प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. निलेश वाधवानी एवं डॉ. सुनीता वाधवानी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने श्री अशोक खाबिया के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि देहदान चिकित्सा शिक्षा, शोध और भावी चिकित्सकों के प्रशिक्षण में काम आएगा।