अवैध खुदाई पर कार्रवाई – बिना परमिशन नई सीसी रोड खोदने पहुंची गैस कंपनी, मशीन जब्त कर काम रुकवाया

जावरा (अभय सुराणा) । शहर में गैस पाइपलाइन बिछाने एवं मरम्मत कार्य के नाम पर सड़कों की मनमानी खुदाई पर सोमवार को नगर पालिका ने सख्त कार्रवाई की। खाचरोद नाका स्थित गीता भवन के पास गैस कंपनी की टीम बिना अनुमति नई बनी सीसी रोड की खुदाई करने पहुंची। मामले की जानकारी मिलते ही पार्षद प्रतिनिधि दशरथ कसानिया मौके पर पहुंचे और तत्काल कार्य रुकवाते हुए नगर पालिका अधिकारियों को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलने पर नगर पालिका का अमला मौके पर पहुंचा और जांच के दौरान पाया कि गैस कंपनी द्वारा सड़क खुदाई के लिए आवश्यक अनुमति नहीं ली गई थी। इसके बाद अधिकारियों ने मौके पर पंचनामा बनाते हुए खुदाई का कार्य तत्काल बंद कराया तथा खुदाई में लगी मशीनरी को जब्त करने की कार्रवाई की।
पार्षद प्रतिनिधि दशरथ कसानिया ने बताया कि गैस कंपनी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बिना अनुमति सड़कों की खुदाई कर रही है। कई स्थानों पर खुदाई के बाद सड़कों की समुचित मरम्मत भी नहीं की जाती, जिससे आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि गीता भवन के पास हाल ही में लाखों रुपये की लागत से नई सीसी रोड बनाई गई है, लेकिन गैस कंपनी उसी सड़क को बिना अनुमति खोदने पहुंच गई।
उन्होंने कहा कि किसी भी एजेंसी को सड़क खुदाई से पहले नगर पालिका से विधिवत अनुमति लेना अनिवार्य है। नियमों की अनदेखी कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना उचित नहीं है। नगर पालिका की कार्रवाई के बाद बिना अनुमति सड़क खुदाई करने वाली एजेंसियों में हड़कंप मच गया।
स्थानीय नागरिकों ने भी नगर पालिका की कार्रवाई का स्वागत करते हुए मांग की कि शहर में कहीं भी सड़क खुदाई से पहले संबंधित विभाग की अनुमति सुनिश्चित की जाए तथा खुदाई के बाद सड़क की गुणवत्ता के साथ मरम्मत कराना भी संबंधित एजेंसी की जिम्मेदारी तय की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound