
जावरा(अभय सुराणा)। लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3233-G1 के लिए वर्ष 2026–27 में एम.जे.एफ. लायन औसाफ़ क़ुरैशी को रीजन–7 का रीजन चेयरपर्सन मनोनीत किया गया है वर्तमान में वे लायंस क्लब ऑफ़ देवास सिटी के सदस्य हैं।
औसाफ़ क़ुरैशी, जिन्हें जावरावासी स्नेहपूर्वक औसाफ़ भाई के नाम से जानते हैं, ने अपने लायनवाद की शुरुआत लायंस क्लब जावरा से की थी। जावरा प्रवास के दौरान स्वर्गीय माणकलाल जी कोचट्टा ने उनके सक्रिय, ऊर्जावान एवं प्रभावशाली व्यक्तित्व से प्रभावित होकर उन्हें “डायनामिक पर्सनालिटी औसाफ़ क़ुरैशी की उपाधि प्रदान की थी। वर्तमान में वे देवास से जुड़े होने के बावजूद जावरा के लोगों के बीच आज भी अपनी आत्मीय पहचान बनाए हुए हैं। जावरा शहर के लिए यह विशेष गौरव का विषय है कि इस वर्ष नगर के दो वरिष्ठ लायंस सदस्यों को रीजन चेयरपर्सन का दायित्व मिला है। इनमें एम.जे.एफ. लायन डॉ. शैलेंद्र पांडे को रीजन–4 तथा एम.जे.एफ. लायन औसाफ़ क़ुरैशी को रीजन–7 का रीजन चेयरपर्सन मनोनीत किया गया है। यह उपलब्धि जावरा के लायनवाद की सक्रियता और नेतृत्व क्षमता को भी रेखांकित करती है।
उल्लेखनीय है कि श्री क़ुरैशी के तीनों बच्चे अमेरिका एवं कनाडा में स्थापित हैं, जिसके कारण वे समय-समय पर विदेश प्रवास पर भी रहते हैं। इसके बावजूद वे सामाजिक सेवा एवं लायनवाद की गतिविधियों से निरंतर जुड़े हुए हैं। एम.जे.एफ. लायन औसाफ़ क़ुरैशी के रीजन चेयरपर्सन मनोनीत होने पर जावरा के लायंस सदस्यों, सामाजिकजनों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएँ व्यक्त की हैं।