बिना गारंटी के 10 हजार से 50 हजार रुपए तक ऋण हेतु आवेदन कर सकते है
रतलाम । नगर निगम आयुक्त ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में पीएम स्वनिधि योजना 2.0 के अंतर्गत जिले में निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त की है। संचालित योजना के प्रथम चरण में 15 हजार रुपए के ऋण वितरण हेतु शासन से 9,781 का संचयी लक्ष्य प्राप्त हुआ था। इसके विरुद्ध अब तक 4,318 हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा चुका है, जो 44.15 प्रतिशत उपलब्धि है। द्वितीय चरण में 25 हजार रुपए के ऋण वितरण हेतु 5,247 का संचयी लक्ष्य प्राप्त हुआ, जिसके विरुद्ध 1,435 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया है। जो 27.35 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई है। तृतीय चरण में 50 हजार रुपए के ऋण वितरण हेतु 3,614 का संचयी लक्ष्य प्राप्त हुआ, जिसके विरुद्ध 1,619 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया है। इस चरण में 44.80 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की गई है।
नगर निगम आयुक्त ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए भारत सरकार की पीएम स्वनिधि योजना 2.0 संचालित की जा रही है। योजना अंतर्गत शहरी क्षेत्र के पात्र स्ट्रीट वेंडर्स (सड़क विक्रेताओं) को बिना किसी गारंटी के ऋण उपलब्ध कराया जाता है। योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को चरणबद्ध रूप से 10 हजार से 50 हजार रुपए तक का ऋण प्रदान किया जाता है। आवेदन के लिए शहरी स्थानीय निकाय द्वारा जारी वेंडिंग प्रमाणपत्र अथवा पहचान पत्रधारी एवं शहरी सर्वेक्षण में चिन्हित सभी स्ट्रीट वेंडर्स योजना का लाभ लेने के पात्र हैं। आवेदन के लिए निकटतम बैंक शाखा, नगर निगम/नगर पालिका कार्यालय तथा पीएम स्वनिधि पोर्टल के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।