वरिष्ठ उद्योगपति इंद्रनारायण झालानी नहीं रहे , रतलाम उद्योग जगत में शोक की लहर

  • शहर के प्रमुख औद्योगिक संगठन मालवा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज एवं संभागीय उद्योग संघ ने इसे रतलाम उद्योग जगत की बड़ी क्षति बता श्रद्धासुमन अर्पित किए

रतलाम। शहर के वरिष्ठ उद्योगपति इन्द्रनारायण झालानी का आज सुबह निज अस्पताल में निधन हो गया l वे 85वर्ष की आयु के थे, झालानी संभागीय उद्योग संघ रतलाम एवं उद्योग भवन के संस्थापक रहे । साथ ही चेंबर ऑफ कॉमर्स रतलाम के अध्यक्ष, मध्यप्रदेश लघु उद्योग संघ के उपाध्यक्ष एवं मालवा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज रतलाम के प्रमुख मार्गदर्शक रहे । रतलाम औद्योगिक क्षेत्र के विकास में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा सन 1968 में उन्होंने अपना प्रथम उद्योग औद्योगिक क्षेत्र में श्रीराम इंडस्ट्रीज के नाम से स्थापित किया । उद्योग संचालन के समय उन्हें ज्ञात हुआ कि औद्योगिक क्षेत्र के उद्योगपतियों को मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता हेतु बहुत तकलीफे आ रही है, इसके लिए उन्होंने स्थानीय उद्योगपतियों को एकत्रित कर 1973 में संभागीय उद्योग संघ का गठन किया । उद्योग संघ का गठन करने के पश्चात उद्योगपतियों को भवन की आवश्यकता महसूस हुई जिसमें सभी उद्योगपति आपस में एकत्रित हो औद्योगिक विकास पर चर्चा कर सके एवं उद्योग संबंधित विभिन्न कार्यशालाये एवं कार्यक्रम कर सके। 1979 में उद्योग भवन के निर्माण के लिए मध्यप्रदेश के तत्कालीन उद्योग मंत्री डॉ. राजेंद्र जैन के रतलाम प्रवास पर झालानी ने मंत्री से मुलाकात कर प्रदेश में उद्योगो संबंधित मूलभूत सुविधाएं प्रदान करने का कानून बनवाया एवं इसी तारतम्य में 1980 में रतलाम औद्योगिक क्षेत्र में उद्योग भवन को उद्योग विभाग से जमीन आवंटित करवायी , उन्हीं के प्रयासों के फलस्वरूप वर्तमान में औद्योगिक क्षेत्र में उद्योग भवन एवं संभागीय उद्योग संघ संगठन है ।
झालानी ने औद्योगिक क्षेत्र के विकास हेतु उद्योग स्थापित करने में जमीन आवंटन की प्रक्रिया को सरल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई ।
आप पूर्व विधायक स्व. शिवकुमार झालानी के छोटे भाई थे l उनके स्वर्गवास से रतलाम उद्योग जगत में शोक की लहर है , रतलाम के प्रमुख औद्योगिक संगठनो जिनमें मालवा चेंबर ऑफ कॉमर्स , संभागीय उद्योग संघ, चैंबर ऑफ कॉमर्स रतलाम आदि ने श्रद्धासुमन अर्पित कर शोक प्रकट किया l परिवार द्वारा श्रद्धांजलि सभा रविवार 19 जुलाई को बुद्धेश्वर हाल गौशाला रोड पर शाम 4:00 बजे आयोजित की गई है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound