



रतलाम, 18 जुलाई । पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से शनिवार, 18 जुलाई 2026 को मंडल रेल प्रबंधक श्री अश्वनी कुमार एवं मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पर्यावरण संरक्षण विषय पर आयोजित एक प्रेरक उद्बोधन से हुआ, जिसमें विद्यार्थियों को पेड़ों के महत्व, पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में उनकी भूमिका तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं उनका संरक्षण करने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके उपरांत विद्यालय परिसर, खेल मैदान तथा बाउंड्री के किनारे नीम, आम, अमरूद, अशोक एवं गुलमोहर सहित 50 से अbधिक पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक वृक्षारोपण में भाग लिया। पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक कक्षा को पाँच-पाँच पौधों की जिम्मेदारी सौंपी गई। विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे इन पौधों को नियमित रूप से पानी देंगे तथा उनकी सुरक्षा एवं संरक्षण का दायित्व निभाएंगे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष हमें शुद्ध ऑक्सीजन, फल, छाया एवं स्वच्छ वातावरण प्रदान करते हैं तथा प्रदूषण को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता, पर्यावरण संरक्षण की भावना तथा सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास करते हैं। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य श्री जयदेव गोस्वामी ने मंडल रेल प्रबंधक, वरिष्ठ अधिकारियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से लगाया गया प्रत्येक पौधा भविष्य में हरित एवं स्वच्छ वातावरण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
इस अवसर पर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।