​दिगंबर जैन समाज की 84 जातियों को एक मंच पर लाने का ऐतिहासिक संकल्प

इंदौर में संपन्न हुई ‘सर्वजातीय महासंघ’ की अहम बैठक

​इंदौर (राजेश जैन दद्दू) । भारतवर्षीय दिगंबर जैन सर्वजातीय महासंघ, इंदौर की एक अत्यंत महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक बैठक रविवार, १९ जुलाई २०२६ को श्री हसमुख जैन गांधी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने बताया कि इस विशेष बैठक का मुख्य उद्देश्य दिगंबर जैन समाज की सभी विभिन्न जातियों के सदस्यों को एक साझा मंच प्रदान करना, आपसी परिचय बढ़ाना और समाज के सामूहिक मुद्दों पर एकजुट होकर कार्य करना रहा। ​कार्यक्रम का सफल संचालन श्री बाहुबली जैन ने किया।
मंच पर मुख्य रूप से श्री शेखर छाबड़ा खंडेलवाल समाज, श्री निमिष जैन पौडवाल समाज, श्री डी. के. जैन (डीएसपी) गोलापुर्व समाज, श्री अरविंद बंडी हुम्मड़ एवं श्री जैनेंद्र सावला बघेरवाल समाज मंचासीन रहे।।अनेक समाज के अध्यक्ष या प्रमुख जिसमें श्री मुकेश कुमार जैन अग्रवाल समाज महासंघ,आशीष जैन जैसवाल समाज, राजेन्द्र जैन गोलालारिया समाज , ऋषभ जैन जैसवाल उपरोचियाँ समाज, नवीन जैन खरोंआ समाज,सुधीर सिंघई लामेंचु समाज, विजय ओरा नरसिंहपुरा समाज,सुधीर जैन पद्मावती पोरवाल समाज, राजीव जैन पल्लीवाल महासभा, डॉ उदय जैन तारण तरन समाज,सुनील जैन सेतवाल समाज उपस्थित थे।

​अयोध्या या इंदौर में होगा राष्ट्रीय स्तर का महासम्मेलन
बैठक को संबोधित करते हुए महासंघ के अध्यक्ष श्री हसमुख जैन गांधी ने बताया कि दिगंबर जैन समाज में कुल ८४ जातियां सम्मिलित हैं। समाज को एकजुट करने के इस अभियान के तहत पूर्व में सिद्धवरकूट में ४५ जातियों का सफल सम्मेलन आयोजित किया जा चुका है, वहीं अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम में २४ जातियों के राष्ट्रीय अध्यक्षों ने सहभागिता की थी। इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए आज इंदौर में २२ जातियों के प्रमुखों की बैठक आमंत्रित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी दिनों में राष्ट्रीय स्तर का एक विशाल और भव्य महासम्मेलन इंदौर या अयोध्या में आयोजित किया जाएगा।

​२०२७ की जनगणना में ‘जैन’ लिखने का आह्वान
बैठक में आगामी वर्ष २०२७ में होने वाली राष्ट्रीय जनगणना को लेकर भी एक बड़ा फैसला लिया गया। महासंघ ने तय किया कि सभी जातियां अपने-अपने स्तर पर स्व-जनगणना (जातिगत जनगणना) का कार्य करेंगी। इसके साथ ही जैन समाज की जनसंख्या की सही तस्वीर सामने लाने के लिए यह विशेष रूप से आह्वान किया गया कि सभी जैन बंधु सरकारी जनगणना फॉर्म में अपनी जाति/धर्म के कॉलम में अनिवार्य रूप से ‘जैन’ दर्ज करें।

​संविधान निर्माण के लिए समिति गठित
बैठक के दौरान उपस्थित सभी समाज अध्यक्षों ने अपना परिचय दिया और अपनी-अपनी समाज द्वारा किए जा रहे सामाजिक व जनहितैषी कार्यों की विस्तृत जानकारी साझा की। संस्था को सुचारू और व्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए महासंघ का नया संविधान बनाने का निर्णय भी लिया गया। इसके लिए श्री सुभाष सेठिया एवं श्री पवन बागड़िया को अधिकृत किया गया है, जो जल्द ही संविधान का प्रारूप तैयार करेंगे। ​कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अतिथियों, समाज अध्यक्षों और प्रबुद्ध जनों का आभार श्री बाहुबली जैन ने व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound