अच्छे प्रयास समाज को प्रेरणा देते हैं – श्री जैन

हम लोग का आयोजन

रतलाम 21 जुलाई। समाज में भले लोगों द्वारा किए जाने वाले अच्छे प्रयासों से पूरा समाज प्रेरित होता है। यही कार्य अन्य लोगों को भी भलाई के लिए प्रोत्साहित करता है । ‘‘एक पंगत-एक संगत‘‘ का आयोजन कर वरिष्ठ चिकित्सक डाॅं.जयंत सुभेदार एवं डाॅं.पूर्णिमा सुभेदार द्वारा सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया है , यह अनुकरणीय है।
उक्त विचार संस्था ‘‘हम लोग‘‘ द्वारा आयोजित समारोह में संस्था अध्यक्ष सुभाष जैन ने व्यक्त किए । उन्होंने कहा कि हाल ही में सेवाभावी चिकित्सक दम्पत्ति द्वारा अपने वार्ड के सत्रह स्वच्छता सेवकों को नित्य सफाई कर स्वास्थ्य सेवाओं में सहयोग करने हेतु सम्मानित किया गया । इन्हें प्रशस्ति पत्र, पुष्प गुच्छ एवं सम्मान राशि प्रदान की गई । समारोह का सबसे अनुकरणीय क्षण यह रहा जब चिकित्सक दम्पत्ति ने सभी स्वच्छता सेवकों के साथ ‘‘एक पंगत एक संगत‘‘ के भाव से जलपान किया ।
इस अनुकरणीय कार्य के लिए‘‘हम लोग‘‘ संस्था द्वारा डाॅं. जयंत सुभेदार एवं डाॅं.श्रीमती पूर्णिता सुभेदार को पुष्पहार एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया । सम्मान के प्रत्युत्तर में डाॅं. जयंत सुभेदार ने अपने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पिता श्री मुकुन्द सुभेदार को अपना आदर्श एवं प्रेरणा स्त्रोत बताते हुए कहा कि जो हमारी सेवा करता है, वह हमारे लिए सदैव सम्माननीय होना चाहिए। हमारे परिवार में सदैव यही भावना रही। इसी का हम भी आज तक पालन कर रहे हैं।
इस अवसर पर नगर के ख्यात रंगकर्मी श्री कैलाश व्यास, साहित्यकार श्री आशीष दशोत्तर, प्रख्यात फोटोग्राफर श्री लगन शर्मा एवं संस्था सचिव ओमप्रकाश ओझा उपस्थित रहे । अंत में संस्था की ओर से सचिव ने आभार व्यक्त किया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound